चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय के छात्रावासों में यदि कोई बाहरी व्यक्ति रुका पाया गया तो संबंधित छात्र पर भी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके लिए कभी भी छापेमार कार्रवाई हो सकती है। वार्डन एक दूसरे छात्रावासों में जाकर छापा मारेंगे। साथ ही पुलिस आदि की भी मदद ली जा सकती है।
पीयू की ओर से विद्यार्थियों को छात्रावास में बुलाने से पहले गाइड लाइन बनाई गई थी। पीयू ने साफ कहा था कि विद्यार्थी बाहरी लोगों को अपने कमरे में नहीं बुलाएंगे और न ठहराएंगे। रात को निकलना भी मना था। साथ ही बाहर समूह में बात करना भी मना था। सूत्रों का कहना है कि कुछ छात्रावासों के बाहर भीड़ रात को एकत्रित हो रही है। कुछ लोग छात्रावासों में भी रात को रुक रहे हैं। ऐसे में कोरोना आदि का खतरा बढ़ सकता है। इसी को देखते हुए पीयू छात्रावासों में कभी भी छापेमारी करवा सकती है। यदि बाहरी लोग मिलेंगे तो उन पर तो कार्रवाई होगी ही, साथ ही जिनके कमरे में वह रुके होंगे, उन विद्यार्थियों को भी कुछ दिन के लिए निलंबित किया जा सकता है। इसके अलावा जुर्माना लगाने का भी प्रावधान है। छापेमारी के दौरान यह भी देखा जाएगा कि दिन में कौन से विद्यार्थी पंजीकृत हैं और रात होते ही वह गायब हो जाते हैं।