प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को स्वामी देवी दयाल इंस्टीट्यूट ऑफ कॉलेज के मालिकों में से एक मनीमाजरा निवासी अमित जिंदल और उनकी पत्नी रेनू जिंदल के बैंक लॉकर खंगाले। हालांकि ईडी को उनके लॉकरों से कुछ खास नहीं मिला। अमित के लॉकर में जहां सिर्फ कुछ दस्तावेज थे, वहीं रेनू के लॉकर में कुछ ज्वेलरी मिली।
बीते दिनों ईडी ने मनीमाजरा एनएसी स्थित शिवालिक एनक्लेव में मोती लाल जिंदल, अमित जिंदल और अशोक जिंदल के घर पर छापा मारा था। तीनों बरवाला में स्वामी देवी दयाल इंस्टीट्यूट ऑफ कॉलेज चलाते हैं। ईडी को उनके घर से 50. 89 लाख रुपये बरामद हुए थे। इसमें 45 लाख रुपये की नई करेंसी भी थी। इसी के तहत सोमवार को ईडी की एक टीम मनीमाजरा स्थित पंजाब नेशनल बैंक और ओरियंटल बैंक ऑफ कामर्स पहुंची। यहां अमित जिंदल और रेनू जिंदल के लॉकर हैं।
ईडी ने दोनों के लॉकर खुलवाए तो अमित के लॉकर से कुछ दस्तावेज मिले, जिसे टीम ने वहीं रखवा दिया। वहीं रेनू के लॉकर से कुछ ज्वैलरी मिली। इसकी उनके पास अनुमति है। इस पर ईडी की टीम को खाली हाथ ही लौटना पड़ा।