चंडीगढ़। सोमवार को पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट की कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस ऋतु बाहरी ने बिल्डिंग कमेटी के अध्यक्ष जस्टिस दीपक सिब्बल व अन्य सहयोगी न्यायाधीशों के साथ मिलकर हाईकोर्ट भवन की प्रांगण में एक्सेंट वॉल का अनावरण किया।
एक्सेंट वॉल में ली कार्बुजिए की कृतियों को प्रदर्शित करने के लिए अलग से प्रकाश प्रणाली मौजूद है। यह विशेष रूप से मुख्य न्यायाधीश की कोर्ट के समक्ष मौजूद है। इन कृतियों को ली कार्बुजिए की प्रकृति और ब्रह्मांड से प्रेरित न्याय की भावना को दर्शाने के लिए चुना गया है। इसके साथ जस्टिस बाहरी ने रीडिंग रूम का भी उद्घाटन किया, जो मुख्य हाईकोर्ट भवन की छत पर स्थित है। इसके इंटीरियर में हेरिटेज फर्नीचर, ली कार्बुजिए और पियरे जेनरेट के डिजाइन से प्रेरित रोशनी की फिटिंग शामिल हैं।
इसके साथ ही कोर्ट रूम की दीवार पर मौजूद कलाकृतियां के साथ ही भवन के इतिहास का प्रदर्शन करने वाले पैनल भी मौजूद हैं। एक्सेंट वॉल और रीडिंग रूम दोनों रचनात्मक डिजाइन, संवेदनशीलता, अनुसंधान और तकनीकी विवरण की छाया हैं, जिनसे हाईकोर्ट की विरासत मूल्य को बढ़ावा मिलता है। एक्सेंट वॉल और रीडिंग रूम के लिए डिजाइन व अवधारणा चंडीगढ़ कॉलेज ऑफ आर्किटेक्चर की टीम ने तैयार की है जिसे पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने जिम्मेदारी सौंपी थी। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश ने उत्कृष्ट कार्य के लिए चंडीगढ़ कॉलेज ऑफ आर्किटेक्चर की प्रिंसिपल प्रो. संगीता बग्गा मेहता व उनकी टीम को प्रशस्ति पत्र भी प्रस्तुत किया है।