गांव नंडियाली में एक संस्था द्वारा चलाए जा रहे एनिमल शेल्टर प्रोटेक्शन एंड केयर के कुत्तों पर तेजाब फेंकने और पीटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शेल्टर चलाने वाली महिला का आरोप है कि 32 कुत्तों पर तेजाब फेंका गया है। इसके बाद कुत्तों पर लाठियों व तेज हथियारों से हमला किया गया। तेजाब फेंकने से 11 कुत्तों को गहरे जख्म आए हैं जबकि 19 गायब हैं । संदेह है कि कुत्तों को मार दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सारी कार्रवाई बलविंदर, जिम्मी, धमेंद्र द्वारा की गई। साथ ही आरोपी सेंटर से खाने की चीजें व अन्य सामान भी चोरी करके ले गए हैं। महिला ने इस संबंध में सोहाना थाने की पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने दोनों पक्षों को बुधवार बुलाया है।
जानकारी के मुताबिक रेशम धालीवाल नाम की महिला द्वारा एनिमल शेल्टर द्वारा यह शेल्टर चलाया जा है। जहां पर लावारिस कुत्तों की देखभाल की जाती है। महिला का कहना है कि सोमवार दोपहर को आरोपी उनके सेंटर पर आए थे। इस दौरान वह उनसे किसी बात को लेकर बहस करने लगे। साथ वह गलत तरीके से पेश आ रहे थे। इस दौरान आरोपियों ने ईंट तक उनके पति को मारी। इसके बाद उन्होंने पुलिस को बुलाया। पुलिस के सामने भी आरोपी उनसे गलत व्यवहार कर रहे थे। इस दौरान आरोपियों ने उनसे धक्का मुक्की तक की। इसके बाद आरोपियों को पुलिस थाने ले गई।
पुलिस ने देर रात आरोपियों को छोड़ दिया। इसके बाद आरोपियों ने उक्त वारदात को अंजाम दिया। रेशम धालीवाल ने बताया कि उन्होंने लिखित शिकायत दे दी है। वहीं, पुलिस उन पर समझौता करने के लिए दबाव बना रही है। जिक्रयोग है कि यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी वह तेजाब पीड़ित कुत्तों का इलाज कर चुकी है। इसके अलावा चंडीगढ़ में कुत्तों की सहायता कर चुकी है।