चंडीगढ़ के स्कूल में बम धमकी के बाद जांच के लिए पहुंची पुलिस
- फोटो : संवाद/फाइल
पाकिस्तान से चंडीगढ़ के स्कूलों और सरकारी संस्थानों को भेजे जा रहे बम धमकी वाले ईमेल के लिए फर्जी आईडी उपलब्ध कराने वाले आरोपी को पुलिस ने कोलकाता से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सौरव बिस्वास उर्फ माइकल के रूप में हुई है। वह 12वीं पास है और ग्राफिक डिजाइनर था।
बताया जा रहा है कि वह मूलरूप से बांग्लादेश का निवासी है। पंजाब पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि आरोपी फर्जी और गुमनाम ईमेल अकाउंट उपलब्ध करवाने वाले नेटवर्क से जुड़ा था। इन अकाउंट्स का इस्तेमाल भारत के विभिन्न शहरों में धमकी भरे ईमेल भेजकर दहशत फैलाने के लिए किया जा रहा था।
आरोपी ने यह अकाउंट बांग्लादेश के एक यूजर को बेचे, जहां से यह अकाउंट पाकिस्तान के लोगों को उपलब्ध कराए गए। चंडीगढ़ पुलिस के एक अधिकारी ने पुष्टि करते हुए बताया कि धमकियों में इसी आरोपी की पहचान की गई है। पंजाब पुलिस की पूछताछ के बाद आरोपी को चंडीगढ़ लाकर पूछताछ की जा सकती है।