फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandigarh: सात लोगों को कुचलने वाले आरोपी को नहीं पकड़ पाई पुलिस, सब जानकारी होने पर भी हाथ हैं खाली

Sat, 20 May 2023 08:16 AM IST
निवेदिता वर्मा बृजेन्द्र गौड़, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

अमर उजाला को एक अहम सीसीटीवी फुटेज भी मिली है। इसमें संबंधित कार बुधवार शाम को 5.32 बजे सारंगपुर रोड से नीचे डड्डूमाजरा रोड की तरफ लगभग सामान्य गति से जाती दिख रही है। वहीं लगभग 16 मिनट बाद 5.48 बजे यह काफी तेज रफ्तार से वापस सारंगपुर रोड पर आती दिख रही है।
विज्ञापन
हादसाग्रस्त कार। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चंडीगढ़ में धनास-सारंगपुर रोड पर बीटल कार से सात लोगों को कुचलने के दो दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस आरोपी कार चालक को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। प्रत्यक्षदर्शियों की गवाही और सीसीटीवी फुटेज सहित कई अहम सबूत मिलने के बावजूद पुलिस ने अभी भी अज्ञात के खिलाफ ही मामला दर्ज किया है। अभी तक की कार्रवाई से साफ पता चलता है कि पुलिस आरोपियों को बचाने में जुटी है। पुलिस पर पहले दिन से ही प्रत्यक्षदर्शी आरोपी को बचाने के आरोप लगा रहे हैं। इस बीच अहम जानकारी मिली है कि लोगों को कुचलने के बाद फरार हुआ संदिग्ध आरोपी सेक्टर-21 पंचकूला निवासी परमबीर सिंह (20) इलाज करवाने के लिए सेक्टर-34 के हीलिंग हॉस्पिटल पहुंचा था। यहां से इलाज करवाने के बाद वह फरार है। पुलिस ने भी अस्पताल पहुंचकर जानकारी लेने के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज हासिल की है। वहीं एसएसपी का कहना है कि पुलिस के पास कार के मालिक का नाम, कार का नंबर और कार चालक की भी जानकारी मौजूद है। जल्द ही कार मालिक को समन भेजा जाएगा।
विज्ञापन


इस बीच अहम जानकारी मिली है कि पुलिस ने आरोपी के घर पर छापेमारी की। इस दौरान वहां नौकर मिला था। उसने बताया कि परिवार छुट्टियां मनाने दो दिन से मनाली गया हुआ है। आरोपी युवक और उसके पिता का नंबर भी स्विच ऑफ मिल रहा है। आरोपी युवक की शादीशुदा एक बड़ी बहन भी है। परमबीर सिंह का परिवार लगभग 10 वर्षों से पंचकूला रह रहा है। संबंधित बीटल कार फिलहाल थाना पुलिस की कस्टडी में है। इसकी स्पीड और बाकी मोडिफिकेशन जांचने के लिए पुलिस इसकी मेकेनिकल टेस्टिंग भी करवा सकती है। उधर, शुक्रवार दोपहर पीजीआई में 23 साल के मुस्तफा अली और 53 साल की बिमलेश का पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। दोनों धनास की ईडब्ल्यूएस कॉलोनी के रहने वाले थे। इनका शाम को अंतिम संस्कार कर दिया गया। अभी तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है।

अहम सवाल... 16 मिनट के लिए कहां गए थे और अचानक स्पीड क्यों बढ़ाई
अमर उजाला को एक अहम सीसीटीवी फुटेज भी मिली है। इसमें संबंधित कार बुधवार शाम को 5.32 बजे सारंगपुर रोड से नीचे डड्डूमाजरा रोड की तरफ लगभग सामान्य गति से जाती दिख रही है। वहीं लगभग 16 मिनट बाद 5.48 बजे यह काफी तेज रफ्तार से वापस सारंगपुर रोड पर आती दिख रही है। इसी दौरान इसने लोगों को कुचला था। गाड़ी चालक डड्डूमाजरा मार्ग पर जिस तरफ गया था वहां से तीन रास्ते निकलते हैं। इनमें एक धनास की ओर, दूसरा मलोया और तोगां गांव एवं तीसरा रास्ता डड्डूमाजरा और चंडीगढ़-जीरकपुर मार्ग पर खुलता है। ऐसे में सवाल है कि आरोपी कार चालक और लड़की 16 मिनट की ड्राइव कर कहां और किस मकसद से गए थे? हादसे के बाद लोगों की भीड़ जुटने के बावजूद लड़की कार की तरफ जाकर अपना बैग लेने भी क्यों दौड़ी थी और बैग में क्या था यह भी अहम सवाल बना हुआ है।
विज्ञापन


हादसे में गंभीर घायल नीलम ने बताया- किस तरह मरते-मरते बची
हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई धनास की 27 वर्षीय नीलम सास बिमलेश को खो चुकी है। नीलम के सिर से पैर तक कई चोटें आई हैं और शुक्रवार को उसकी सास का अंतिम संस्कार हुआ। अमर उजाला से बातचीत में उसने बताया कि वह अहमदाबाद से आई बहन और अन्य को बस स्टॉप तक छोड़ने आई थी। वहीं उनकी सास बिमलेश सेक्टर-22 से नौकरी कर वापस आई थी। उनके साथ उनकी बहन का छोटा बेटा भी था। उन्हें मनीमाजरा जाना था। इस दौरान उसकी आंखों के सामने तेज रफ्तार कार ने सारंगपुर रोड से सामुदायिक भवन की ओर कट ले रहे मोटरसाइकिल सवार को बुरी तरह से टक्कर मारी। सड़क पर कार का धुंआ फैल गया और बाइक सवार उछल कर दूर गिरा। इसके बाद भी कार चालक ने ब्रेक नहीं लगाए और उनकी ओर बेहद तेजी से आई और उन्हें टक्कर मार लोगों को कुचलती गई। सिर पर आई गंभीर चोट से वह बेहोश हो गई थी। हादसे में उनकी बहन के बेटे को भी हल्की चोट आई और वह कार के नीचे आने से बाल-बाल बचा। नीलम की बहन नेहा ने बताया कि कार युवक चला रहा था और सामने आने पर वह उसे पहचान सकती है।

धरने के बाद डीसी ने दिया उचित कार्रवाई का आश्वासन
हादसे के बाद से आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर वीरवार घटनास्थल पर धरना और प्रदर्शन करने के बाद शुक्रवार सुबह स्थानीय पार्षद राम चंद्र यादव समेत मृतकों के परिजन उचित मुआवजे और कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर सेक्टर 17 डिप्टी कमिश्नर विनय प्रताप सिंह से मिले। पार्टी नेता प्रेम गर्ग, पार्षद योगेश ढिंगरा व अन्यों ने अपनी मांगों का एक ज्ञापन भी दिया। ज्ञापन में कहा गया कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर मृतक के परिवारों को कम से कम 5 लाख रुपए प्रति परिवार मुआवजा दिया जाए। वहीं जो लोग घायल हुए हैं उनका मुफ्त इलाज और मुआवजा भी मिले। डीसी के आदेशों पर पीड़ितों से मिले एसडीएम संयम गर्ग ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

जल्द ही कार मालिक को भेजा जाएगा समन
मामला फिलहाल अज्ञात के खिलाफ ही दर्ज है। हालांकि पुलिस के पास कार के मालिक का नाम, कार का नंबर और कार चालक की भी जानकारी मौजूद है। जल्द ही कार मालिक को समन भेजकर पेश करवाया जाएगा। आरोपी ड्राइवर को भी पकड़ने की कार्रवाई जारी है। घटनास्थल पर शुक्रवार सुबह भी कुछ लोगों ने प्रदर्शन किया था जिन्हें पुलिस ने समझाया और बाद में घायलों और मृतकों के परिवार की प्रशासनिक अफसरों से मुआवजे संबंधी मुलाकात करवाई। -कंवरदीप कौर, एसएसपी, चंडीगढ़
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें