लांडरां/बनूड़। गांव धर्मगढ़ में लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए आम आदमी जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसमें कई गांवों के लोग समस्याएं लेकर पहुंचे। इस जनसभा में एसडीएम, तहसीलदार, लोक निर्माण विभाग, पुलिस, श्रम बोर्ड, कृषि विभाग, बिजली बोर्ड, स्वास्थ्य विभाग, बीडीपीओ, सीडीपीओ, खाद्य आपूर्ति विभाग, मंडी बोर्ड, जल आपूर्ति विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। जनता दरबार में क्षेत्र विधायक नीना मित्तल ने विशेष रूप में शिरकत की। जनता दरबार में करीब 300 आवेदन प्राप्त हुए जो विभिन्न विभागों से संबंधित थे, जिनका मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। सबसे बड़ी समस्या नीले कार्ड कटना, पेंशन योजना के लाभ का भुगतान न होना, बिजली विभाग व पुलिस द्वारा जनता की सुनवाई न करना रहा। इस मौके पर बलबीर कौर ने कहा कि उनके आधार कार्ड पर बैंक खाता मोहाली जिले का है और सुविधा केंद्र उन्हें पटियाला का बैंक खाता लाने के लिए कह रहा है। अब पहले उनको पटियाला जिले में जाकर अपना खाता खुलवाना पड़ेगा और फिर पेंशन फॉर्म जमा होंगे। जब विधायक ने इस तरह की समस्या के बारे में लोक कल्याण अधिकारी से पूछा तो उन्होंने कहा कि जिला परिवर्तन होने के कारण ऐसा हो रहा है। उन्होंने एसडीएम सरबजीत कौर से इसका तत्काल समाधान करने को कहा।
इस अवसर पर विधायक नीना मित्तल ने कहा कि अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर दिया गया है और शेष समस्याओं का जल्द ही समाधान कर दिया जाएगा। इस मौके पर एसडीएम मोहाली सरबजीत कौर, डीएसपी राजपुरा सुरिंदर मोहन, बीडीपीओ राजपुरा मंजीत कौर, एनएबी तहसीलदार कुलविंदर सिंह, एसएचओ बनूड़ किरपाल सिंह मोही, पार्टी प्रवक्ता एड. बिक्रमजीत पासी, एड. लवकेश मित्तल, मास्टर गुरजीत सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष सतनाम सिंह जलालपुर, पवित्र सिंह धर्मगढ़, सुखविंदर सिंह मनौली सूरत, रनजीत सिंह, अवतार सिंह, गुरजिंदर सिंह बुढ़नपुर मौजूद रहे।