पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस में सोमवार दोपहर करीब एक बजे एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने गाड़ी को टक्कर दे मारी। घटना में बाइक सवार को चोट आई और साथ ही गाड़ी को भी काफी नुकसान हुआ।
घटना स्थल पर पुलिस पहुंच गई और बाइक सवार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। घटना पीयू के हॉस्टल नंबर एक के सामने हुई।
पीयू के केमिकल इंजीनियरिंग विभाग में प्रथम वर्ष का छात्र शुभम पल्सर बाइक से तेज रफ्तार से आ रहा था। तभी दूसरी तरफ से आ रही डिजायर गाड़ी में टक्कर हो गई।
पुलिस कर्मचारियों के अनुसार बाइक सवार बिना हेलमेट तेज रफ्तार में गलत साइड से आ रहा था। दूसरी तरफ से पीयू के कंस्ट्रक्शन विभाग के कर्मचारी विनय गाड़ी से आ रहे थे।
बाइक सवार ने गाड़ी के दरवाजे की तरफ से जोरदार टक्कर मारी। घटना के बाद बाइक सवार काफी दूर जाकर गिरा। छात्र को सिर, कोहनी और घुटनों पर कुछ चोटें भी आई।
पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए। गौरतलब है कि पिछले साल भी पीयू कैंपस में यूआईएलएस के एक छात्र और छात्रा द्वारा बीच सड़क पर रेस में कई लोगों की जान पर आफत आ गई थी।
बाद में पीयू प्रशासन ने कैंपस में ट्रैफिक नियमों में बदलाव के लिए कमेटी गठित की थी, लेकिन कई महीने बीतने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।