पुरानी बिल्डिंग को गिराते समय अचानक हुए हादसे की चपेट आकर 2 की मौत हो गई। लोहियां खास (जालंधर)। स्थानीय भगत सिंह चौक के पास स्थित दुकानों की पुरानी बिल्डिंग को गिराते समय उस समय भयानक हादसा हो गया, जब छत का शेष बचा भाग अचानक गिर गया। इसकी चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। मृतक व्यक्तियों की पहचान जोगिंदर सिंह निवासी रायपुर और देवराज उर्फ तोता के रूप में हुई है।
गांव फुल के निवासी अमरप्रीत सिंह ने लोहियां में भगत सिंह चौक के पास पुरानी दुकानों की इमारत खरीदी थी, जिसको गिराकर नई बिल्डिंग बनानी थी। बिल्डिंग को गिराने और बनाने का ठेका लोहियां निवासी हरजीत सिंह को दिया था। पुलिस के अनुसार गलती उस समय हुई जब ठेकेदार ने पीछे की छत गिरा दी और आगे की बालकनी को नहीं गिराया गया।
इस वजह से संतुलन बिगड़ने से अगला हिस्सा अपने आप गिर गया। इसकी चपेट में आने से मोटरसाइकिल रिपेयर करवाने आया जोगिंदर सिंह और मैकेनिक देवराज उर्फ तोता गंभीर घायल हो गए। दोनों को एंबुलेंस बुलवाकर सरकारी अस्पताल लोहियां पहुंचाया गया, जहां पर दोनों की मौत हो गई। लोहियां थाना के प्रभारी बलजिंदर सिंह ने कहा कि ठेकेदार हरजीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।