सड़क हादसे में मारे गए 67 वर्षीय डाक्टर तुषार कुमार विश्वास के परिवार को मोटर एक्सिडेंट क्लेम के तहत 9.50 लाख रुपये का मुआवजा दिया गया। दोनों पक्षों की आपसी सहमति से यह क्लेम केस सेटल किया गया। हादसे के वक्त बुजुर्ग डाक्टर अपने घर दड़ुआ से साइकिल पर ग्रेन मार्किट, सेक्टर-26 चावल खरीदने जा रहे थे।
बीते साल जुलाई में उन्हें कार ने पीछे से टक्कर मार दी थी। हादसे में गंभीर चोटें लगी थीं, इस कारण उनकी मौत हो गई थी। उनकी मौत के बाद उनके परिवार की से मुआवजे के लिए याचिका दायर की गई थी।
यह था मामला
बीते साल 29 जुलाई, 2015 को रेलवे लाइट प्वाइंट पर सुबह साढ़े 10 बजे हादसा हुआ था। जब डॉक्टर लाइट प्वाइंट क्रॉस कर बैरियर के पास पहुंचे तो हरियाणा नंबर की मारुति कार ने उनकी साइकिल को पीछे से टक्कर मार दी थी। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आई और हॉस्पिटल ले जाते समय उनकी मौत हो गई थी। इसके बाद मनीमाजरा थाना पुलिस ने कार चालक के खिलाफ लापरवाही से ड्राइविंग करने की आपराधिक धाराओं के तहत केस दर्ज किया था।