शताब्दी यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर है। चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर शताब्दी एक्सप्रेस में सफर करने वाले यात्रियों के लिए एयर कंडिशन वेटिंग रूम बनाया गया है। इस वेटिंग रूम में सिर्फ शताब्दी के यात्री ही बैठेंगे।
प्लेटफार्म नंबर वन पर वीवीआईपी रैंप के पास बने इस वेटिंग रूम में सिर्फ फर्नीचर लगना बाकी है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इसी माह के अंतिम सप्ताह या मई के पहले सप्ताह में इसका उद्घाटन रेलमंत्री सुरेश प्रभु कर सकते हैं। डेट अभी फाइनल नहीं हुआ है। बता दें कि चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से शताब्दी में रोजाना करीब दो हजार यात्री सफर करते हैं। शताब्दी डेली लेट नहीं होती, लेकिन कई बार तकनीकी खराबी के चलते शताब्दी एक से दो घंटे तक ट्रेन लेट हो जाती है।
ऐसी स्थिति में यात्रियों को प्लेटफार्म पर खड़े होकर ट्रेन की प्रतीक्षा करनी पड़ती है। कई सीनियर सिटीजन ट्रेन की प्रतीक्षा में ज्यादा देरतक प्लेटफार्म पर खड़े नहीं हो सकते। इस वेटिंग रूम की शुरुआत होने के बाद शताब्दी में सफर करने वाले सीनियर सिटीजन यात्रियों को ज्यादा फायदा मिलेगा। इसमें 25 से 30 कुर्सियां लगेंगी।
दिनेश कुमार, डीआरएम अंबाला डिवीजन ने बताया कि शताब्दी यात्रियों को जल्द एसी वेटिंग रूम की सुविधा चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर मिलेगा। इसमें फर्नीचर लगना बाकी है। इसका उद्घाटन रेल मंत्री सुरेश प्रभु कर सकते हैं। अभी डेट फाइनल नहीं हो पाया है। अप्रैल के अंतिम सप्ताह या मई के पहले सप्ताह तक वेटिंग रूम का उद्घाटन हो जाएगा।