चंडीगढ़। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रशांत गौतम और प्रदेश मंत्री जसकरण सिंह भुल्लर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में सुधारों को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन, स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति, छात्रसंघ चुनाव बहाल करने, छात्रवृत्ति व शोध को बढ़ावा देने, डिजिटल शिक्षा, कौशल विकास और सीमावर्ती क्षेत्रों में शैक्षिक सुविधाएं बढ़ाने की मांग की।
उन्होंने हाल ही में फार्मेसी ऑफिसर भर्ती परीक्षा में सामने आई कथित नकल और अनियमितताओं की कड़ी निंदा करते हुए निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा प्रणाली लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया। संगठन ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में धांधली प्रशासनिक विफलता को दर्शाती है और युवाओं के भविष्य से समझौता स्वीकार्य नहीं है।
पीयू छात्रसंघ अध्यक्ष गौरववीर सिंह सोहल ने राज्यपाल को गर्ल्स हॉस्टल नंबर-10 के बाहर करंट लगने से एक शोधार्थी की हुई मौत का मामला भी उठाया। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। इस दौरान गौरव अत्री, शमशेर सिंह चौहान, श्रेया वशिष्ठ और अर्पिता मलिक सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।