प्रशासनिक अधिकारियों से बात करते फल व्यापारी
- फोटो : अमर उजाला
दक्षिण कशमीर में पुलवामा जिले के शोपियां में आतंकियों द्वारा चरणजीत सिंह की हत्या किए जाने से पंजाब के फल व्यापारी भड़के हुए हैं और उन्होंने चेतावनी दे दी है। व्यापारियों का कहना है कि अगर सुरक्षा नहीं दी गई तो कोई व्यापारी सेब नहीं खरीदेगा। उधर, आतंकियों द्वारा मारे गए अबोहर के फल व्यापारी चरणजीत सिंह व घायल व्यापारी संजय सिंह के परिजन पुलवामा के जिला अस्पताल पहुंच चुके हैं। पता चला है कि घायल संजय सिंह को तीन गोलियां लगीं, जो ऑपरेशन करके निकाल दी गई हैं।
घटना का पता चलते ही गुरुवार सुबह बड़ी संख्या में आढ़ती और फल व्यापारी चरणजीत के घर पहुंचे और परिवार के साथ दुख साझा किया। शोक संतृप्त परिवार को सांत्वना देते हुए किन्नू मंडी आड़ती एसोसिएशन के महासचिव इंद्र शर्मा, प्रधान अतिन्द्रपाल तिन्ना और सुशील कुमार ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि सरकार के गैर जिम्मेदाराना रवैये के कारण व्यापारी वर्ग समस्याओं का सामना कर रहा है। लेकिन सरकार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही।
प्रधान तिन्ना ने कहा कि पिछले तीन दिनों से व्यापारियों के साथ लगातार आतंकी घटनाएं हो रही हैं। यदि सरकार ने जम्मू-कश्मीर में व्यापार करने वाले पंजाब सहित अन्य राज्यों के व्यापारियों, उनके माल व वाहनों को सुरक्षा उपलब्ध नहीं करवाई तो व्यापारी संघर्ष करने पर मजबूर होंगे। केंद्र सरकार ने जम्मू कशमीर से अनुच्छेद 370 हटाने के बाद दावा किया था कि वहां पर माहौल बिल्कुल शांतिपूर्ण है और लोगों की सुरक्षा के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध है, लेकिन अगर यही हाल रहा तो पंजाब का कोई भी व्यापारी जम्मू-कश्मीर में जाकर व्यापार नहीं करेगा।