अबोहर में खूनी संघर्ष के बाद युवक की मौत का मामला गरमा गया है। सफाई कर्मी 72 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए तीन दिन की हड़ताल पर चले गए। साथ में ऐलान किया कि अगर संत नगर निवासी भीम टांक की हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो प्रांतीय स्तर हड़ताल की जाएगी।
यह बातें सफाई सेवक यूनियन पंजाब के प्रधान प्रकाश चंद ने रविवार को भीम टांक के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए कहीं। दलित युवक भीम टांक की हत्या पर गहरा दुख प्रकट करते हुए प्रकाश चंद ने कहा कि इस घटना ने पूरे पंजाब के समाज को हिला कर रख दिया है। पूरे समाज में घटना के प्रति भारी रोष पाया जा रहा है।
उन्होंने इस घटना के विरोध में व्यापारियों की ओर से शनिवार को बाजार बंद कर दिए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही कहा कि सोमवार को बाजार बंद जैसा कोई कार्यक्रम नहीं होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता तब तक शहर के शराब ठेके नहीं खुलने देंगे।
प्रांतीय महासचिव कुलदीप कुमार, रमेशचंद, राम सेवक, सोमनाथ ने कहा कि 72 घंटों के अंदर अगर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया तो आंदोलन की नई रूपरेखा तैयार की जाएगी। इससे पूर्व डीएसपी अबोहर गुरभेज सिंह, डीएसपी बल्लूआना वीरचंद, थाना सिटी के प्रभारी बलकार सिंह ने भी भीम टांक के निवास पर जाकर दुख जताया तथा परिजनों को आश्वासन दिया कि भीम के हत्यारों को पकड़ने के लिए पुलिस की 5 टीमें गठित की गई हैं।
शीघ्र ही सभी आरोपी काबू कर लिए जाएंगे। भीम टांक के निवास स्थान पर रविवार को फिरोजपुर, फाजिल्का के अलावा, रामपुरा, मोगा, कोटकपूरा तथा बठिंडा से आदि धर्म समाज के लोगों ने पहुंच कर शोक जताया और आरोपियों को काबू करने की मांग की।
पता चला है कि आल इंडिया एससी एसटी कमीशन के वाइस चेयरमैन राजकुमार वेरका और एससी एसटी कमीशन पंजाब के चेयरमैन राजेश बग्गा सोमवार को दोपहर बाद अबोहर पहुंच रहे हैं। वे भीम टांक के निवास स्थान पर पहुंच कर उनके परिजनों को सांत्वना देंगे। जबकि बुधवार को केन्द्रीय मंत्री विजय सांपला के भी अबोहर आने की संभावना है।