विधायक इनेलो छोड़कर क्यों जा रहे हैं, इस सवाल के जवाब में अभय ने कहा कि भाजपा को अपने मिशन 75 प्लस के लिए शायद विधायकों की भूख है। इसलिए भाजपा ऐसा कर रही है। विधानसभा स्पीकर पर आरोप लगाते हुए अभय चौटाला ने कहा कि हमने स्पीकर को जजपा के चार विधायकों के खिलाफ शिकायत दी हुई है। मगर स्पीकर इस मामले को जानबूझकर लटका रहे हैं।
हलका अध्यक्षों के खिलाफ होगी कार्रवाई
लोकसभा चुनाव में अप्रत्याशित हार के बाद इनेलो उन हलका अध्यक्षों के खिलाफ कार्रवाई करेगी, जिन्होंने चुनाव में असक्रियता दिखाई थी। अभय चौटाला ने कहा कि संगठन के पुनर्गठन के दौरान उन हलका अध्यक्षों को हटाया जाएगा, जिन्होंने लोकसभा चुनाव में काम नहीं किया है। उधर, शनिवार को बीरबल दास ढालिया ने औपचारिक रूप से इनेलो की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष का पद संभाला।
अभय सिंह चौटाला ने बताया कि पहली जुलाई से हर रोज तीन-तीन हलकों में पार्टी द्वारा जनसंपर्क अभियान प्रारंभ कर दिया जाएगा और प्रदेशाध्यक्ष बीरबल दास ढालिया सहित अशोक अरोड़ा और वे स्वयं सभी जिलों, हलकों और बड़े गांवों में जाकर जनता से अपना संपर्क स्थापित करेंगे।