रैली में मोदी ने गुजरात में बसे सिख किसानों के अलावा पंजाब में सीमा पार से ड्रग तस्करी जैसे मुद्दों पर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस न तो जनता को धर्म के नाम पर बांट सकेगी और न ही उसका पंजा गरीबों के पैसे पर पड़ सकेगा। मोदी ने गुजरात के कच्छ में बसे पंजाबी किसानों को उनकी भूमि से वंचित किए जाने और राज्य से बाहर भेजे जाने के विवाद पर विराम लगाते हुए कहा कि पंजाबी किसान गुजरात का अटूट हिस्सा हैं और वे किसी भी सूरत में गुजरात से बाहर नहीं जाएंगे। मोदी ने कहा,‘‘मैं आज घोषणा करता हूं कि गुजरात पर जितना हक नरेंद्र मोदी का है उतना ही सारे देशवासियों का है इसलिए किसी किसान भाई को गुजरात से जाने नहीं दिया जाएगा।’’
कांग्रेस की ‘बांटो और राज करो’ की नीति पंजाब में नाकाम
देश के विकास के लिए कृषि, औद्योगिक उत्पादन और सेवा सर्विस सेक्टर के उचित तालमेल पर जोर देते हुए मोदी ने सीमा पार से ड्रग तस्करी और खुले आसमान के नीचे अनाज की बर्बादी के मुद्दे पर केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘वन रैंक वन पेंशन’ के मुद्दे पर कांग्रेस पूर्व सैनिकों को गुमराह कर रही है। उन्होंने देश में कृषि के लिए अलग बजट, सिख विरोधी दंगों के लिए सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की अगुवाई में एसआईटी के गठन का भी जिक्र किया। मोदी ने कहा कि कांग्रेस की ‘बांटो और राज करो’ की नीति पंजाब में नाकाम हुई है। यहां अकाली-भाजपा गठबंधन ने सांप्रदायिक सौहार्द कायम करके लगातार दूसरी बार सरकार बनाई और अब देश में भी कांग्रेस इसी तरह नाकाम होने जा रही है।
देश के शूरवीरों के लिए कांग्रेस के पास वक्त नहीं
लाला लाजपतराय को याद करते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस के पास आजादी के इस शूरवीर को याद करने का समय तक नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ए से जेड तक भ्रष्टाचार की पहचान बन चुकी है। आदर्श (ए), बोफोर्स (बी) एवं कोयला (सी) घोटालों का जिक्र करते हुए, उन्होंने ‘एबीसीडी’ को कांग्रेस के भ्रष्टाचार की पहचान करार दिया। मोदी ने कहा कि अभी तक कांग्रेस का पंजा गरीबों के पैसे की लूटता आया है, लेकिन केंद्र में एनडीए सरकार बनने पर इस पंजे को भारत की तिजोरी पर नहीं पड़ने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय राजीव गांधी के शासन में पंचायत से लेकर संसद तक उनका राज था। फिर भी राजीव गांधी ने कहा था कि गरीबों के लिए केंद्र से एक रुपया चलता है तो गांव तक पहुंचने तक दस पैसा ही रह जाता है।
एफसीआई को तीन हिस्सों में बांटने की वकालत
कृषि क्षेत्र और अनाज के प्रबंधन के प्रति चिंता व्यक्त करते हुए मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार बनने पर एफसीआई को तीन हिस्सों में बांट दिया जाएगा। यह अनाज की खरीद, प्रबंधन और वितरण पर आधारित होंगे, ताकि न तो किसानों को अपनी फसल बेचने में परेशानी का सामना करना पड़े, न अनाज आसमान तले सड़े और न ही लोगों भूखे मरना पड़े। उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्रालय को पाकिस्तान से नशों और जाली करंसी की तस्करी के संबंध में सीमा पर तैनात अधिकारियों को जवाबदेह बनाना चाहिए, ताकि देश की जवानी को बचाया जा सके।
कृषि के लिए अलग केंद्रीय बजट की वकालत
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने अपने भाषण में कृषि के लिए अलग केंद्रीय बजट की वकालत की। पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने, राज्यों को अधिक अधिकार देने के लिए फेडरल सिस्टम की मजबूती, 1984 के सिख विरोधी दंगों की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की अगुवाई में एसआईटी के गठन तथा पंजाब के लिए विशेष औद्योगिक पैकेज की जरूरत पर बल दिया। शिअद अध्यक्ष सुखबीर बादल ने इस मौके पर कहा कि स्वतंत्रता संग्राम की तरह ही कांग्रेस से आजादी पाने के लिए सभी दलों को मोदी के समर्थन में एक होना होगा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष कमल शर्मा ने कहा कि पंजाब की सभी लोकसभा सीटें जीतकर देश को कांग्रेस से मुक्त करने के लिए गठबंधन पूरा जोर लगा देगा। इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह, उपाध्यक्ष शांता कुमार, राष्ट्रीय सचिव श्याम जाजू सहित अनेक वरिष्ठ भाजपा-अकाली नेता उपस्थित थे।
कई मुद्दों पर चुप्पी साध गए मोदी
नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल द्वारा उठाए गए फेडरल सिस्टम, विशेष औद्योगिक और 1984 के सिख विरोधी दंगों पर चुप्पी साध गए। उन्होंने इनके बारे में कुछ भी नहीं कहा। फतेह रैली में पहुंचे नरेंद्र मोदी को पगड़ी पहनाई गई। इस पर उन्होंने कहा कि वे पगड़ी की लाज रखना जानते हैं और वे अवश्य इसकी लाज रखेंगे। मोदी ने पंजाबी संस्कृति की सराहना करते हुए कहा कि पंजाबी गाना हो या खाना, सारे विश्व में छाया हुआ है। गुजरात में भी हर समारोह और शादी में पंजाबी गाना जरूर होता है और पंजाबी खाना भी परोसा जाता है।