चंडीगढ़। हरियाणा के 36 सरकारी मॉडल स्कूलों का स्टाफ कई साल बीतने के बाद भी नियमितिकरण की बाट जोह रहा है। 21 जुलाई 2023 को शिक्षा विभाग के तत्कालीन अतिरिक्त निदेशक की अध्यक्षता में हुई बैठक में पांच साल का संतोषजनक कार्यकाल पूरा करने वाले कर्मचारियों को नियमित करने का निर्णय लिया था। बावजूद, शिक्षा निदेशालय के अधिकारी इस मामले में कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं।
पिछले नौ सालों में इन स्कूलों के स्टाफ की संख्या 2232 से घटकर 280 रह गई है और छात्रों की संख्या 10,000 से कम हो गई है। शिक्षक और गैर शिक्षक स्टाफ नौकरी छोड़ रहा हैं, क्योंकि नियमितिकरण और सातवें वेतनमान का लाभ प्राप्त नहीं हुआ है। आरोही मॉडल स्कूल स्टाफ एसोसिएशन के प्रधान, मनोज कुमार का कहना है कि सरकार की नीतियों के कारण शिक्षक पिछले 10 सालों से अपने अधिकारों से वंचित हैं और सरकार ने अब तक इस मामले में कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।