दिल्ली फतेह करने के बाद आम आदमी पार्टी की नजरें अब पंजाब पर टिक गई हैं। पार्टी निकाय चुनाव के बाद मास कॉन्टैक्ट प्रोग्राम के जरिए सूबे के लोगों के बीच जाएगी।
आप के प्रदेश कन्वीनर सुच्चा सिंह छोटेपुर ने बताया कि जल्द ही लोक चेतना कार्यक्रम लांच किया जाएगा, जिसमें हाल पंजाब दा, दर्द पंजाब दा के बैनर तले चेतना यात्रा, रैलियां, बौद्धिक फोरम, सेमिनार आदि आयोजित किए जाएंगे। लोगों के मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाएंगे।
नशों ने युवाओं को तबाह कर दिया है, प्रदूषण से कैंसर बढ़ रहा है, किसान परेशान हैं, विधवाओं-बुजुर्गों-बेरोजगारों को पेंशन नहीं मिल रही है, मुलाजिमों के वेतन और मेडिकल बिल रुके हुए हैं। आरटीआई कार्यकर्ता जतिंदर मौदिगल की अगुवाई में कमेटी गठित की गई है, जो सरकार की पोल खोलेगी। कमेटी यह जानकारी जुटाएगी कि वीआईपीज की सुरक्षा, हैलिकॉप्टरों और ट्रांसपोर्ट पर कितना खर्च किया जा रहा है।
यह जानकारी लोगों से सांझी की जाएगी। उन्होंने बताया कि पार्टी ने विभिन्न सेक्टरों में माहिरों के थिंक टैंक बनाए हैं, जो मौजूदा सिस्टम की बुराइयां और उनको दूर करने केतरीके चिन्हित करेंगे।
छोटेपुर ने माना कि लोकसभा में जीत के पार्टी कुछ समय के लिए निष्क्रिय रही, जिससे लोगों में मायूसी छा गई थी। पर दिल्ली जीत के बाद वे री-चार्ज हो गए हैं। उन्होंने फिर दोहराया कि संगठनात्मक ढांचा दिल्ली की तर्ज पर जल्द खड़ा किया जाएगा।