-भाजपा बोली, पोस्ट हटाने का फोन दिल्ली से आया या चंडीगढ़ से, कंग दें जवाब
-
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी के सांसद मालविंदर सिंह कंग ने लैंड पूलिंग पॉलिसी को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली थी जिसे लेकर विपक्ष को आप सरकार को घेरने का मौका मिल गया है लेकिन अब कंग ने इस पोस्ट को हटा दिया है। इसे लेकर विपक्ष ने उन पर हमला बोला है। कंग ने अपनी पोस्ट में कहा था कि लैंड पूलिंग पॉलिसी पर किसानों को विश्वास में लेकर ही पंजाब सरकार को आगे बढ़ना चाहिए।
उनके पोस्ट हटाने पर भारतीय जनता पार्टी पंजाब के वरिष्ठ प्रवक्ता प्रीतपाल सिंह ने कहा कि मैं तो सोच रहा था कि इस पोस्ट के लिए कंग साहिब की तारीफ करूं लेकिन वह तो पहले ही भाग गए। प्रीतपाल ने कहा कि कंग को जवाब देना चाहिए कि यह पोस्ट हटाने का फोन दिल्ली से आया है या फिर चंडीगढ़ से। इसी तरह कांग्रेस विधायक सुखपाल खैरा ने भी इसे लेकर कंग पर हमला बोला है। खैरा ने कहा कि दिल्ली के इशारे पर यह किया गया है, इसलिए मैं हमेशा ही आप नेताओं का विरोध करता हूं। बता दें कि कंग ने रविवार को अपनी पोस्ट में कहा था कि मेरा आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल और सीएम भगवंत मान को सुझाव है कि हमारी सरकार ने पिछले तीन सालों में किसानों के लिए काफी काम किया है। लैंड पूलिंग पॉलिसी को लेकर किसान जत्थेबंदियों के कुछ एतराज हैं, इसलिए जत्थेबंदियों को विश्वास में लेकर ही काम करना चाहिए।