पंजाब के लुधियाना के आत्म नगर इलाके के एक पार्क में बैठकर नशा करने वाले युवकों की शिकायत मिलने पर आप विधायक ने खुद पहुंचकर दबिश दी। जब विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू पहुंचे तो एक युवक उनके हाथ आ गया। वह उसको समझाने लगे तो युवक हंसने लगा। इस पर विधायक आग बबूला हो गए और युवक को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस अधिकारियों से की। थाना शिमलापुरी पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है। युवक को थप्पड़ मारने की घटना एक कैमरे में कैद हो गई और यह पूरे शहर में चर्चा का केंद्र बनी है।
जानकारी के मुताबिक हलका आत्म नगर से आप विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू की हेल्प वैन इलाकों में घूम रही थी। इसी दौरान उन्हें किसी ने शिकायत दी कि वार्ड नंबर 40 के पार्क में कुछ युवक सरेआम चिट्टे का सेवन कर रहे हैं। युवक गांजा से भरी सिगरेट भी पीते हैं। पहले विधायक खुद मौके पर पहुंचे तो उन्होंने एक युवक को काबू किया और तुरंत पुलिस को बुलाया। पुलिस के साथ उन्होंने पार्क में दबिश दी तो नशा करने वाले अन्य युवक वहां से भाग निकले।
आप विधायक सिद्धू ने जब नशा करने का कारण पूछा तो युवक ने इसे आदत बताया और हंसने लगा। इससे गुस्से में आकर विधायक सिद्धू ने युवक को थप्पड़ जड़ दिया। आप विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू ने कहा कि इलाके में नशा न तो करने दिया जाएगा और न ही बिकने देंगे। नशेड़ी ने विधायक सिद्धू से कहा कि उसकी वीडियो वायरल न करें। सिद्धू ने कहा कि पुलिस को सख्त हिदायत दी है कि वार्ड नंबर 40 में नशा तस्करों की सूची बनाकर दे। नशा बेचने वालों पर तुरंत कार्रवाई करें। नशे के दलदल में फंसे लोगों को तुरंत नशा छुड़ाओ केंद्र भेजें।