आम आदमी पार्टी नेता संजय सिंह ने पठानकोट एयरबेस पर आतंकी हमले को लेकर केंद्र और राज्य सरकारों पर हमला बोला है।
पार्टी के पंजाब प्रभारी संजय सिंह ने कहा कि पाक पीएम नवाज शरीफ को शॉल और साड़ियां देने से कुछ नहीं होगा। पार्टी ने मांग की है कि इस मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के जज से कराई जाए। प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता के दौरान पार्टी के सीनियर नेता संजय सिंह ने कहा कि पार्टी पाकिस्तान से बातचीत के विरोध में नहीं है, पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पाक दौरे के तरीके के खिलाफ है।
नवाज शरीफ को शॉल और साड़ियां देने से कुछ नहीं होगा। मोदी ने विदेश नीति को मजाक बना दिया है। देश की सुरक्षा एक गंभीर मामला है, मोदी को बचकाने तरीके से इसे नहीं संभालना चाहिए। हैरानी की बात यह है कि पठानकोट एयरबेस पर ऑपरेशन चल रहा था और गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन खत्म होने का ऐलान कर दिया।
उन्होंने कहा कि इस मामले में एसपी सलविंदर सिंह की भूमिका भी संदिग्ध है, जो बिना किसी सुरक्षा के अपने कुक को लेकर मजार पर चले गए। आतंकियों ने उन्हें क्यों छोड़ दिया, यह भी सवाल है। इसलिए मामले की जांच सिटिंग जज से करानी चाहिए। एनआईए जांच कर रही है, पर वह केंद्रीय एजेंसी है।
पंजाब से लगती पाक सीमा सुरक्षित नहीं है। हालांकि दीनानगर आतंकी हमले के बाद केंद्र और राज्य सरकारों ने कोई सबक नहीं लिया। संजय सिंह ने आशंका जताई कि कहीं यह हमला नशे, आतंकवाद और राजनीतिक गठजोड़ का नतीजा तो नहीं है।
उन्होंने हमले को लेकर राज्य सरकार, खासकर डिप्टी सीएम सुखबीर बादल पर भी हमला बोला। उन्होंने एसपी सलविंदर की नियुक्ति जैसे मामले सीधे तौर पर गृहमंत्री के निर्देश पर होते हैं। एसपी सलविंदर हमले के एक दिन पहले एक अकाली नेता से भी मिले थे।