चंडीगढ़। दिल्ली में पोस्टर चिपकाने पर हुई एफआईआर के बाद आम आदमी पार्टी ने शहरभर में पोस्टर अभियान शुरू किया है। इसके तहत कई इलाकों में 'मोदी हटाओ, देश बचाओ' के पोस्टर लगाए गए। अभियान की शुरुआत सेक्टर-27 स्थित प्रेस क्लब से हुई। यहां पंजाब लार्ज इंडस्ट्रीज डेवलपमेंट बोर्ड के चेयरमैन प्रदीप छाबड़ा, आप के कई पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने पोस्टर लहराए और अपनी अपनी गाड़ियों पर चिपका कर शहरभर में घूमे। उन्होंने सरकार को ललकारते हुए कहा कि ये पोस्टर चंडीगढ़ समेत पूरे देश में लगाए जाएंगे। देखते हैं सरकार कितनों पर एफआईआर करवाती है। छाबड़ा ने कहा कि देश के संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही है। विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए फर्जी मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। जब अंग्रेजों की हुकूमत थी, उस समय कोई पर्चा नहीं बांट सकता था, अखबार नहीं निकाल सकता था। भारत की आजादी के वीरों की आवाज को कुचलने के लिए उस समय अंग्रेजों ने कानून बनाए। आज फिर उन्हीं कानूनों का सहारा लेकर देश की आवाज को कुचला जा रहा है। उन्होंने बताया कि दिल्ली में एक पोस्टर लगा तो आप कार्यकर्ताओं समेत कई लोगों पर 138 एफआईआर हुई। अंग्रेजी हुकूमत में भी कभी एक पोस्टर और एक पर्चे के लिए 138 एफआईआर नहीं हुई। उन्होंने कहा कि इसलिए पार्टी ने फैसला किया कि ये पोस्टर चंडीगढ़ समेत पूरे देश में लगाए जाएंगे। देखते हैं कि उनकी एफआईआर, पुलिस और जेल में कितनी ताकत है।
चंडीगढ़ में लगा नहीं सकते पोस्टर, इसलिए गाड़ियों पर चिपकाए
छाबड़ा ने कहा कि चंडीगढ़ में कोई भी पोस्टर या बैनर सार्वजनिक जगह पर नहीं लगाया जा सकता, इसलिए पार्टी के कार्यकर्ता गाड़ियों पर ये बैनर लगाएंगे और शहरभर में घुमाएंगे। हालांकि उन्होंने कहा कि गांवों में यह पोस्टर लग गए हैं। साथ ही सेक्टरों में भी लगाने की योजना है। जिस समय छाबड़ा प्रेस वार्ता कर रहे थे, उस दौरान प्रेस क्लब के बाहर काफी संख्या में पुलिस भी मौजूद रही। छाबड़ा ने कहा कि देश के छात्रों की आवाज को देशद्रोही, आतंकवादी कहकर कुचला जा रहा है। आज मजदूरों के सारे कानून और अधिकारों को खत्म कर केवल चार कानून में समेट दिया है।
छाबड़ा बोले- क्या पीएम मोदी अडानी की जांच करा सकते हैं
छाबड़ा ने कहा कि जहां जहां प्रधानमंत्री मोदी गए, वहां वहां अडानी का साम्राज्य विकसित करते रहे। क्या पीएम मोदी अडानी की जांच करा सकते हैं। प्रेस वार्ता में आप पार्षद दमनप्रीत, प्रेमलता, तरुणा मेहता, कुलदीप, सुमन शर्मा, जसविंदर कौर समेत पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में हरजिंदर बावा, यादविंदर मेहता, मीना शर्मा, शादाब राठी, सोनू शर्मा, जेजे सिंह, जगमोहन सिंह, सुखजीत कौर, ममता, राकेश सोनी, देस राज, राजेश चौधरी व राजिंदर हिंदुस्तानी उपस्थित रहे।