आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रभारी संजय सिंह ने छपार मेले में सियासी कांफ्रेंस के दौरान कहा कि 2017 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की बड़ी जीत होगी और पंजाबी को ही पंजाब का मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज उमड़ी भारी भीड़ को देख कर लगता है कि एचएस फुलका की भारी मतों से जीत होगी। उन्होंने दावा किया कि आप पंजाब में सौ से ज्यादा सीटें जीतेगी।
उन्होंने कहा कि बादल सरकार पूरी तरह से बौखला गई है और आप को मिल रहे समर्थन से घबराकर आप के वालंटियर पर हमले और मामले दर्ज करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बादलों से डरने की जरूरत नहीं है। 2017 के बाद इन्हें जेल में बंद कर दिया जाएगा। उन्होंने रवायती राजनीति में परिवारवाद के खिलाफ बोलते हुए कहा कि चंद परिवारवालों ने भारत की राजनीति पर कब्जा किया हुआ है। वे परिवारवाद को जड़ से खत्म कर देंगे।
सीनियर आप नेता एचएस फुलका ने कहा कि आज तक समय की सरकारों ने सिखों को इंसाफ नहीं दिया। उन्होंने इस केस के एक गवाह को मुकराने के लिए अकाली नेताओं को भी जिम्मेदार ठहराया। कांफ्रेंस को दिल्ली के विधायक जरनैल सिंह ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी के लिए बादल सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने नवजोत सिंह सिद्धू और उनकी पत्नी नवजोत कौर सिद्धू के बारे में कहा कि दोनों अकाली और आरएसएस की बी टीम हैं। कांफ्रेंस में यूथ विंग के प्रधान हरजोत सिंह बैंस, गुरबिंदर सिंह कंग, दलजीत सिंह भोला और गुरप्रीत सिंह लापरा भी उपस्थित थे।