आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा
- फोटो : facebook.com/raghavchadhaca
नवजोत सिद्धू ने घरेलू महिलाओं को 2000 रुपये महीना और वार्षिक आठ एलपीजी सिलेंडर मुफ्त देने की घोषणा की। इस पर आम आदमी पार्टी के पंजाब सह-प्रभारी राघव चड्ढा ने निशाना साधा और नवजोत सिद्धू को स्टैंडलेस करार दिया। चड्ढा ने ट्वीट कर नवजोत सिद्धू की पुराना और नया वीडियो शेयर किया और लिखा है कि पंजाबी कहावत है कि साइकिल का भी स्टैंड होता है लेकिन सिद्धू का कोई स्टैंड नहीं है।
पहली वीडियो में सिद्धू अरविंद केजरीवाल द्वारा पंजाब की 18 वर्ष से ऊपर की सभी महिलाओं को 1000 रुपये देने की घोषणा की आलोचना कर रहे हैं। वहीं दूसरी वीडियो में सिद्धू खुद पंजाब के घरेलू महिलाओं को 2000 रुपये महीना और सालाना आठ एलपीजी गैस सिलेंडर मुफ्त देने की घोषणा कर रहे हैं। अन्य पार्टियां भी इस घोषणा के बाद नवजोत सिद्धू पर हमलावर हैं और सोशल मीडिया पर भी लोग सिद्धू का मजाक उड़ा रहे हैं।
आप ने नवजोत सिद्धू और कांग्रेस पर अरविंद केजरीवाल की घोषणाओं का नकल करने का आरोप लगाया है। अरविंद केजरीवाल भी अपनी जनसभाओं में कई बार मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पर नकली केजरीवाल बनने का आरोप लगाए हैं। केजरीवाल ने चन्नी पर निशाना साधते हुए कहा था कि पंजाब में आजकल एक नकली केजरीवाल घूम रहा है। पंजाब के लोगों से मैं जो भी वादे करता हूं, नकली केजरीवाल दो दिन बाद हुबहू वही वादे करता है।