आम आदमी पार्टी ने रविवार रात को पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए तीन प्रत्याशियों की 10वीं सूची जारी की है। पटियाला शहर से आप ने अजीतपाल सिंह कोहली को अपना प्रत्याशी बनाया है। इसी सीट से पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह भी चुनाव मैदान में हैं। पटियाला कैप्टन अमरिंदर सिंह का गढ़ है। अजीतपाल सिंह कोहली ने हाल ही शिरोमणि अकाली दल को अलविदा कह आम आदमी पार्टी का हिस्सा बने थे। इसका इनाम उन्हें टिकट के रूप में मिला है।
फगवाड़ा से जोगिंदर सिंह मान को आप ने टिकट दी है। वहीं लुधियाना पश्चिम से गुरप्रीत सिंह गोगी को आप ने उम्मीदवार बनाया है। हाल ही में पीएसआईईसी के चेयरमैन गुरप्रीत गोगी ने कांग्रेस को छोड़ आम आदमी पार्टी का दामन थामा था। वह टिकट को लेकर कांग्रेस पार्टी से नाराज चल रहे थे। गोगी मंत्री भारत भूषण आशु को टक्कर देंगे। आप अब तक 112 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है।
पटियाला कैप्टन का गढ़
पटियाला को पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का गढ़ माना जाता है। 2017 के चुनाव में भी कांग्रेस ने कैप्टन के नेतृत्व में केवल सन्नौर सीट को छोड़कर यहां की बाकी सभी सात विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज की थी। खास तौर से पटियाला सीट पर तो पिछले करीब 20 सालों से कैप्टन अमरिंदर सिंह का कब्जा रहा है। 2002 से 2014 तक लगातार वह पटियाला से विधायक रहे हैं।
2014 में अमृतसर सीट से भाजपा नेता अरुण जेटली के खिलाफ लोकसभा चुनाव लड़ने के कारण कैप्टन को विधानसभा की सदस्या से इस्तीफा देना पड़ा था लेकिन फिर भी इस सीट पर कैप्टन के शाही परिवार का ही कब्जा रहा, क्योंकि कैप्टन के इस्तीफे बाद पत्नी परनीत कौर उपचुनाव लड़ीं और जीतने में भी सफल रहीं। इसके बाद 2017 के विधानसभा चुनावों में एक बार फिर कैप्टन ने पटियाला सीट से जीत दर्ज की थी। इस बार कैप्टन अपनी अलग पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी बना चुनावी मैदान में उतरे हैं।
सियासी समीकरण
पंजाब में 117 कुल विधानसभा सीटें हैं। इनमें से 34 सीटें आरक्षित हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में 34 आरक्षित सीटों में से 21 पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी। कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस ने 117 सीटों में से 77 पर जीत दर्ज की थी। आम आदमी पार्टी ने पहली बार 2017 में पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ा था और मुख्य विपक्षी पार्टी बनकर उभरी थी। आप को 20 सीटों पर कामयाबी मिली थी। वहीं शिरोमणि अकाली दल को 15 सीटें ही मिली थीं।