तरनतारन में एनआरआई की पत्नी को अश्लील मैसेज भेजने के आरोप में आम आदमी पार्टी के एक नेता को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को खडूर साहिब से पकड़ा गया। पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि आरोपी व्हाट्सएप ग्रुप में उसके खिलाफ अश्लील मैसेज भेजकर बदनाम कर रहा था। इस कारण उसके मोबाइल पर फोन आने शुरू हो गए।
जब इस बात की पड़ताल की गई तो मैसेज भेजने वाले की पहचान हरप्रीत सिंह निवासी गांव छापड़ी साहिब के रूप में हुई। महिला ने इस बात की जानकारी अपनी सास को दी। महिला के परिवार की तरफ से हरप्रीत सिंह के खिलाफ थाना गोइंदवाल साहिब की पुलिस को शिकायत की गई।
थाना गोइंदवाल साहिब के प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी हरप्रीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। हरप्रीत सिंह आम आदमी पार्टी का सक्रिय नेता है और आम आदमी पार्टी के सैनिक विंग के जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा चुका है।