आम आदमी पार्टी में चल रही गुटबाजी शांत होने के फिलहाल कोई आसार नहीं दिखाई दे रहे हैं। उल्टे, अब दोनों गुटों के बीच जंग और तेज हो गई है। अब आप के दोनों के बीच रैलियों की जंग छिड़ गई है। पार्टी से बागी हुए सुखपाल खैरा के गुट ने पार्टी के बैनर तले ही लोगों तक पहुंचने की रणनीति बनाई थी। इस कड़ी में उन्होंने राज्य भर में जिला-वार वॉलंटियर्स कन्वेंशन शुरू की थी। जिनमें खैरा को बहुत अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।
खैरा की कन्वेंशन में दिनों-दिन भीड़ बढ़ती जा रही है। रविवार को खैरा गुट ने पटियाला में भी प्रभावशाली कन्वेंशन की। पार्टी द्वारा सस्पेंड सांसद डॉ. धरमवीर गांधी भी इसमें शामिल हुए। जिससे निश्चित तौर पर खैरा गुट को और मजबूती मिली है। वॉलंटियर्स के एक बड़े वर्ग पर इसका प्रभाव पड़ेगा। खैरा गुट की लगातार बढ़ रही लोकप्रियता को देखते हुए आप नेतृत्व ने भगवंत मान पर ही दांव खेलने का फैसला किया है।
मान के अलावा प्रदेश का कोई भी नेता उतना लोकप्रिय नहीं है। इसलिए बागी गुट की काट में वॉलंटियर्स को पार्टी के जोड़ने का पूरा दारोमदार मान पर ही रहेगा। पार्टी ने मान के लिए खास शेड्यूल तैयार किया है। जिसमें रैलियां और बैठकें रखी गई हैं। पहले चरण में पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में उनकी दस रैलियां रखी गई हैं।
केजरीवाल की फोटो, एनआरआईज से अपील
आप से बागी हुआ सुखपाल खैरा गुट पूरी सावधानी बरत रहा है। वे ऐसा कोई काम नहीं कर रहे, जिसे पार्टी विरोधी करार दिया जाए और उनकी विधानसभा सदस्यता चली जाए। खैरा गुट अपनी सभी कन्वेंशन पार्टी के झंडे तले ही कर रहा है। उनकी प्रचार सामग्री पर सबसे बड़ी राष्ट्रीय कन्वीनर अरविंद केजरीवाल की फोटो होती है। उसके बाद खैरा और बाकी सात विधायकों की फोटो लगी होती है। इसके अलावा खैरा हर बार संबंधित इलाके केएनआरआईज से भी अपील करते हैं। उन्हें कहते हैं कि वे संबंधित इलाके में रहने वाले अपने रिश्तेदारों को फोन करें कि कन्वेंशन में पहुंचें।
केजरीवाल करेंगे स्थिति की समीक्षा
आप के राष्ट्रीय कन्वीनर अरविंद केजरीवाल पंजाब की स्थिति की खुद समीक्षा करेंगे। इसके लिए उन्होंने पार्टी के साथ चल रहे बारह विधायकों को दिल्ली बुलाया है। सूत्रों के मुताबिक 11 विधायक वहां चले गए हैं। रविवार रात या सोमवार को केजरीवाल विधायकों के साथ बैठक करेंगे। जिसमें बागी गुट पर कोई फैसला होने के भी कयास लगाए जा रहे हैं। भगवंत मान बार-बार कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। लेकिन केजरीवाल ने अब तक खैरा के खिलाफ नहीं बोला है।