पूर्व आईजी की ईमानदारी की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि कुंवर के विरोधी भी उनकी (कुंवर) की ईमानदारी की कसम खाते हैं। पुलिस वाले की ऐसी ड्यूटी होती है कि उसे सख्ती करनी पड़ती है लेकिन पंजाब के लोग कुंवर को अपने पारिवारिक सदस्य की तरह प्यार करते हैं।
अकाली और भाजपा पर भी बोला हमला
केजरीवाल ने कहा कि बरगाड़ी बेअदबी कांड और इसके बाद कोटकपूरा गोलीकांड को पूरे पंजाब ने देखा। कुंवर ने ढाई साल की जांच के बाद खुलेआम घूम रहे मामले के मास्टरमाइंड लोगों का पता लगाया तो पूरा सिस्टम कुंवर के खिलाफ हो गया, जिसके बाद कुंवर को पद से इस्तीफा देना पड़ा। इस वक्त पंजाब बुरे दौर से गुजर रहा है।
सत्ताधारी पार्टी के नेता कुत्ते-बिल्लियों की तरह कुर्सी और पार्टी की प्रधानगी के लिए लड़ रहे हैं। अकाली दल का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि पंजाब में एक पार्टी है, जिस पर बेअदबी और भ्रष्टाचार के संगीन आरोप लगे हैं। उन्होंने भाजपा का नाम लिए बिना कहा कि एक पार्टी के नेता को तो जनता गली-मोहल्ले में घुसने नहीं देती।
पंजाब के लोग बदलाव चाहते हैं
उन्होंने कहा कि दिल्ली में एक बार आप की सरकार बनी तो लोगों को 24 घंटे बिजली मिलने लगी। अब पंजाब के लोग भी राजनीतिक बदलाव चाहते हैं। अब उनके पास बदलाव का विकल्प भी है। पंजाबियों से अपील करते हुए कहा कि पिछले 70 वर्षों में कई पार्टियों को मौका दिया, अब एक बार आम आदमी पार्टी को भी मौका दीजिए, ताकि हम पंजाब की दशा और दिशा बदल सकें।
नवजोत सिंह सिद्धू के आप में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वे कांग्रेस के बड़े नेता हैं और वह उनका सम्मान करते हैं। इस अवसर पर पार्टी के पंजाब प्रभारी जरनैल सिंह और सह-प्रभारी राघव चड्डा के अलावा आम आदमी पार्टी के विधायक भी उपस्थित थे।