एक तरफ तो सरकार लोगों को आधार कार्ड बनवाने के निर्देश दे रही, वहीं उनके अफसरों की लापरवाही से कार्ड बेहाल हो रहे। मोहाली के कुराली इलाके में हजारों आधार कार्ड डस्टबिन में पड़े मिले तो अधिकारियों के होश उड़ गए। पूछताछ करने पर पता चला कि कार्ड सही पते पर नहीं पहुंचाए जा रहे, जिस कारण ये नौबत आई।
हुआ यूं कि लोगों ने बस स्टैंड के समीप लकड़ी की पेटी में एक लिफाफे के अंदर बड़ी संख्या में पडे़ आधार कार्ड देखे। लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी। जब लोगों ने लिफाफ को खोल कर देखा तो उसमें कई वार्डों के आधार कार्ड पडे़ थे, जो काफी समय से लोगों के पास नहीं पहुंचे।
इसी दौरान सतवीर सिंह बाठ ने बताया कि उनके आधार कार्ड को बने हुए काफी समय बीत चुका है, लेकिन वह अब तक उसके आने का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि आज हर जगह पर इसकी जरूरत पड़ती है, लेकिन कई माह से कार्ड न आने कारण भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
सतवीर सिंह ने बताया कि रविवार को अचानक फोन आया कि उनका आधार कार्ड एक कबाड़ वाली पेटी में पडे़ हैं जिस पर डाकघर की मोहर और टिकट भी लगी हुई है। उन्होंने बताया कि विभाग की लापरवाही के कारण आधार कार्ड कूडे़दान में पडे़ हैं। उन्होंने इस संबंध में जांच और कार्रवाई की मांग की है।