चंडीगढ़ के सेक्टर-5 गुरुद्वारा गुरु साहिब के संत बाबा प्रीतपाल सिंह के बेटे अनंत गुरपाल सिंह की कार सड़क हादसे के दौरान मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब गुरपाल अपनी होंडा सिविक कार में पेट्रोल भरवाकर घर लौट रहा था।
सेक्टर-4 स्थित एमएलए हॉस्टल के बाहर अनियंत्रित होकर कार बैरिकेड के खंभे से टकरा गई। हादसा गुरुवार देर रात का है। पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-4 स्थित एमएलए हॉस्टल के बाहर दुर्घटना हुई है। सेक्टर-3 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और देखा कि चंडीगढ़ नंबर की होंडा सिविक कार के एयरबैग खुले हुए थे। जिसके बाद पुलिस ने चालक को पीजीआई पहुंचाया, जहां सिर में गंभीर चोट लगने की वजह से डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक का नाम अनंत गुरपाल (22) है और वह सेक्टर-5 के गुरुद्वारा गुरु साहिब के संत बाबा प्रीतपाल सिंह का बेटा है। इसके बाद पुलिस ने परिवार को सूचित कर उनका बयान दर्ज किया, जहां उन्होंने सड़क हादसे में किसी भी तरह की आशंका जाहिर नहीं की है।
मां ने कार चलाने से रोका, लेकिन नहीं माना गुरपाल
सूत्रों के अनुसार, गुरुवार को जब गुरपाल कार को लेकर जा रहा था, तभी उसकी मां ने मना किया कि बेटा कार लेकर मत जाओ, लेकिन गुरपाल ने यह कहकर उनकी बातों को टाल दिया कि वह सेक्टर-4 स्थित पेट्रोल पंप तक ही जा रहा है और तेल डलवाकर कुछ देर में लौट आएगा। जिस तरह कार के एयरबैग खुले मिले हैं, उससे आशंका जताई जा रही है कि कार की रफ्तार काफी अधिक थी। हादसे में गुरपाल के सिर में गहरा जख्म हो गया था।
तीन भाई बहनों में सबसे छोटा था गुरपाल
गुरपाल घर में सबसे छोटा था और गुरुद्वारा में सेवा करता था। जबकि उसकी बड़ी बहन विदेश में रहती है। उनके आने पर गुरपाल का अंतिम संस्कार करवाया जाएगा। वहीं बेटे के मौत के बाद परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस शव को जल्द ही परिजनों को सौंप देगी। हादसे के बाद संत बाबा प्रीतपाल सिंह के घर शोक जताने वालों का तांता लग गया।