चंडीगढ़। इंडस्ट्रियल एरिया स्थित कालोनी नंबर चार में पुरानी रंजिश में देर रात एक युवक के सीने पर चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। आरोपियों ने वारदात को उस समय अंजाम दिया जब युवक माता-पिता के साथ कालोनी नंबर चार में दवाई लेने गया था। मृतक की पहचान मलोया निवासी संदीप (19) के रूप में हुई है। इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ 302 और 34 के तहत मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, संदीप मलोया स्थित हाउसिंग बोर्ड की कालोनी में परिवार समेत रहता था। संदीप के बड़े भाई रिंकू ने बताया कि रविवार रात करीब 10 बजे संदीप और माता-पिता कालोनी नंबर-4 स्थित अपने पुराने घर के पास संदीप की दवाई लेने गए थे। देर रात करीब 11.30 बजे लौटते वक्त चार आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते घेरकर संदीप से मारपीट शुरू कर दी। मामला इस कदर बिगड़ा कि आरोपियों ने चाकू से उसके सीने पर तीन वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। शोरशराबा होने और लोगों को पास आते देख आरोपी फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने संदीप को जीएमसीएच 32 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं हत्या की सूचना मिलते ही डीएसपी समेत अन्य आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू कर दी।
सीने पर किए तीन वार
रिंकू ने बताया कि मलोया स्थित हाउसिंग बोर्ड की कालोनी में घर अलॉट होने के बाद उनका परिवार वहीं शिफ्ट हो गया है। इससे पहले वह लोग कालोनी नंबर-4 मेें ही रहते थे। रिंकू का आरोप है कि संदीप की कालोनी नंबर चार निवासी वीरेंद्र उर्फ बीड़ी से किसी बात को लेकर पुरानी रंजिश चल रही थी। रात को दवाई लेकर लौटते वक्त वीरेंद्र उर्फ बीड़ी के उकसाने पर अन्य आरोपी आकाश, विकास और अमन ने संदीप पर चाकू से तीन वार किए और फरार हो गए।
तीन भाइयों में सबसे छोटा था संदीप
संदीप ई-रिक्शा चलाने का काम करता था। रिंकू ने बताया कि वीरेंद्र और अन्य के साथ पहले हुई लड़ाई में संदीप का नाम भी सामने आया था। इसमें पुलिस केस भी हुआ था। उसे आरोपियों से डर सता रहा था, इसके चलते लॉकडाउन के बाद से वह इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक फैक्ट्री में काम करने लगा। संदीप तीन भाइयों में सबसे छोटा था जबकि पिता वेल्डिंग का काम करते हैं। फिलहाल पुलिस शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ हत्या व समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, पुलिस एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।