चंडीगढ़। सेक्टर-25 के एक घर से लाखों रुपयों के आभूषण चोरी करने वाले तीसरे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान स्थानीय निवासी 21 वर्षीय निशांत के रूप में हुई है। पुलिस ने रविवार आरोपी को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर दो दिन का रिमांड हासिल किया है जबकि अन्य आरोपी विशाल उर्फ काजा का एक दिन का रिमांड खत्म होने को जेल भेज दिया है।
गौरतलब है कि बीते 21 अगस्त को पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर- 25 निवासी ऊषा ने बताया था कि वह कई दिनों से दिल्ली गई थी। जब वह वापस आई तो देखा कि घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और जब अलमारी चेक की तो उसमें से सोने का एक हार, एक जोड़ी टॉपस, दो अंगुठियां, चांदी की एक पाजेब के अलावा अन्य सोने व चांदी के आभूषण गायब थे। सूचना के अधार पर पुलिस ने ऊषा के बयान दर्ज किए। अपने बयानों में ऊषा ने वहीं के रहने वाले विशाल उर्फ काजा पर चोरी करने का शक जताया। शिकायत के आधार पर सेक्टर-11 थाना पुलिस ने केस दर्ज किया। जिसके बाद पुलिस चौकी-24 के इंचार्ज शिवचरण ने एक टीम बनाई और पुलिस ने शुक्रवार को सेक्टर-25 से आरोपी विशाल उर्फ काजा को गिरफ्तार कर लिया। वहीं पुलिस ने उसकी निशानदेही पर उसके एक साथी बलजीत सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों से पुलिस ने सोने का हार, एक जोड़ी टॉपस, एक चांदी की पाजेब व चांदी के कड़े बरामद किए हैं।