बेटे के हाथ से पिता की लाइसेंसी बंदूक से चली गोली ने एक मां की जिंदगी छीन ली। घटना के बाद परिवार में मातम है। घटना पंजाब के लुधियाना की है। बेटा पिता की लाइसेंसी बंदूक को साफ कर रहा था और इसी वक्त गोली चल गई, जिससे रसोई से आ रही मां की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार गांव रसूलपुर जंडी निवासी बूटा सिंह सिधवाबेट के एक्सिस बैंक में सिक्योरिटी गार्ड है। बुधवार सुबह बूटा सिंह ड्यूटी पर चला गया। उसका 18 साल का बेटा विपनप्रीत सिंह अपने पिता की लाइसेंसी राइफल 12 बोर निकाल कर साफ करने लगा। राइफल साफ करने के बाद विपनप्रीत राइफल में कारतूस डालने लग गया। इसी दौरान उससे राइफल के दोनों ट्रिगल दबाए गए और दोनों गोलियां रसोई के बाहर आ रही उसकी मां चरणजीत कौर के पेट के पास जा लगी।
घायल चरणजीत कौर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस घटना की जानकारी डीएसपी डी अमनदीप सिंह बराड़, डीएसपी प्रभजोत कौर, थना सदर के प्रमुख जगदीश कुमार और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। मामले की जांच शुरु कर दी गई है। डीएसपी अमनदीप सिंह बराड़ ने कहा कि इस मामले में विपनप्रीत के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।