चंडीगढ़ के सेक्टर-34 स्थित एक अस्पताल की तीसरी मंजिल से मनोरोगी महिला ने बुधवार को छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली। अस्पताल में महिला का पिछले दो दिनों से इलाज चल रहा था। मृतका की पहचान पंचकूला के सेक्टर-10 निवासी अमिता सैनी (48) के रूप में हुई है। पुलिस को शुरुआती जांच में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। सेक्टर-34 थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
सेक्टर-34 स्थित मुक्त अस्पताल के कमरा नंबर 104 में अमिता का इलाज चल रहा था। बुधवार दोपहर करीब 3.25 बजे अमिता ने अस्पताल की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। शोर सुनकर अस्पताल के कर्मचारी समेत आसपास के लोग जमा हो गए। महिला को इमरजेंसी में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सेक्टर-34 थाना प्रभारी बलदेव कुमार की अगुवाई में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि महिला पंचकूला के सेक्टर-10 निवासी है। मनोरोग की समस्या की वजह से 30 नवंबर को अमिता सैनी को सेक्टर-34 के मुक्त अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। पुलिस शव को जीएमसीएच-32 में रखवाकर महिला के परिजनों का बयान दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है।
वहीं, पुलिस जांच में अब तक साफ नहीं हो सका कि महिला ने किन कारणों से छलांग लगाई है। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। बता दें कि दो अगस्त 2020 को कोरोना पॉजिटिव एक बुजुर्ग मरीज पांचवीं और 17 अक्तूबर को एक 27 वर्षीय युवती ने जीएमसीएच-32 की सातवीं मंजिल से छलांग लगा दी थी।