गांव झरोड़ा की महिला ने आशिक संग फरार होने से पहले एक बड़ा ड्रामा रचा। आरोपी महिला ने अपने कपड़ों में पशुओं की हड्डियां जलाकर हत्या का रंग देना चाहा। उसकी यह पोल सीसीटीवी कैमरा ने खोल दी है। थाना हठूर पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं पीड़ित ससुराल परिवार पुलिस से इंसाफ की गुहार कर रहा है।
पुलिस को दी गई शिकायत में मेजर सिंह ने बताया कि 30 मई की रात को उसकी भतीजे के पत्नी गुरमीत कौर ने पूरे परिवार के खाने में नींद की दवा मिला दी। इस कारण पूरा परिवार नींद की आगोश में चला गया। इस दौरान गुरमीत कौर ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर रसोई में कपड़ों को आग लगा दी। इन कपड़ों में जानवरों की हड्डियां डालीं, ताकी इस तरह लगे की ससुराल वालों ने उसे जलाकर मौत के घाट उतार दिया है।
गुरमीत कौर की सास महिंदर कौर की आग के धुएं से नींद खुल गई और उसने पूरे परिवार को किसी तरह उठाया। इसके बाद गुरमीत कौर के मायके परिवार और पुलिस को सूचित किया गया। मायके वालों ने ससुराल परिवार पर हत्या जैसे गंभीर आरोप लगा दिए। पुलिस ने भी आनन-फानन में कार्रवाई करते हुए गुरमीत कौर के पति अमृतपाल सिंह को हिरासत में ले लिया।
मामले की सच्चाई जानने के लिए गांव में लगे सीसीटीवी कैमरा को खंगाला गया, इसमें गुरमीत कौर अपने प्रेमी के मोटरसाइकिल पर जाते समय कैद हो गई। पुलिस की जांच में भी साफ हो गया कि उस रात भागने से पहले गुरमीत कौर अपने प्रेमी के साथ पैसा और गहने भी चोरी कर साथ ले गई थी।
पीड़ित परिवार पुलिस से मांग कर रहा है कि गुरमीत कौर और उसके बरनाला के गांव नैणेवाल निवास प्रेमी मनप्रीत सिंह पर उचित कार्रवाई की जाए। मामले की जांच कर रहे एएसआई कुलदीप कुमार ने कहा कि इस मामले में समझौता होगा, गहने और नकदी को वापस करवा दिया जाएगा।