-पुलिस ने जारी किया था लुकआउट सर्कुलर
-
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुहरसहाय (फिरोज़पुर)। विदेश भेजने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले ट्रैवल एजेंट को पुलिस ने दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पहले ही लुकआउट सर्कुलर जारी किया जा चुका था। कनाडा से भारत लौटते समय उसे हिरासत में लेकर जिला पुलिस फिरोजपुर के हवाले कर दिया गया।
डीएसपी राजवीर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान करमजीत सिंह पुत्र निशान सिंह निवासी मत्तड़ उताड़ के रूप में हुई है। आरोपी को दिल्ली एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ ने पकड़ा और तुरंत इसकी सूचना फिरोजपुर पुलिस को दी। इस मामले में करमजीत के रिश्तेदार गुरजंट सिंह पुत्र शिंगारा सिंह के खिलाफ भी नामजद केस दर्ज है। पीड़ित हरप्रीत कुमार पुत्र गुरदेव चंद, निवासी रुकना बस्ती, मोहनके हिठाड़ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2021 में वह कनाडा जाना चाहता था। इसी दौरान उसकी पहचान करमजीत सिंह और गुरजंट सिंह से हुई, जिन्होंने खुद को इमीग्रेशन एजेंट बताया। आरोप है कि दोनों ने कनाडा भेजने का झांसा देकर उसके खाते से करीब छह लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए।
साढ़े तीन लाख रुपये बकाया
शिकायतकर्ता के अनुसार एक साल तक वीजा का इंतजार करने के बावजूद जब कोई प्रगति नहीं हुई तो उसने पैसे वापस मांगे। इस पर आरोपियों ने ढाई लाख रुपये लौटा दिए जबकि साढ़े तीन लाख रुपये अभी भी बकाया हैं। डीएसपी ने बताया कि आरोपी करमजीत सिंह के खिलाफ देशभर के प्रमुख रेलवे स्टेशनों और एयरपोर्ट पर लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया था। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करेगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी ने विदेश भेजने के नाम पर और कितने लोगों से ठगी की है।