डेरा बाबा नानक में करतारपुर कॉरिडोर की रूपरेखा को लेकर मंगलवार को भारत और पाकिस्तान की टेक्निकल और अन्य विभागों की टीमों के बीच बैठक हुई। यह बैठक सुबह 11.30 बजे शुरू हुई जो शाम 4.30 बजे तक चली। इसमें कॉरिडोर की दोनों ओर से बनने वाली सड़क के मिलान और क्रॉसिंग प्वाइंट आदि के तकनीकी मुद्दों पर चर्चा की गई। पाकिस्तान की टीम के सदस्यों की संख्या 50 थी।
इसमें 17 पाकिस्तानी रेंजर्स और कुछ सर्वे टीम के अधिकारी थे। पाकिस्तानी शिष्टमंडल 8 गाड़ियों में डेरा बाबा नानक की भारत-पाक सीमा की जीरो लाइन पर पहुंचा। वहीं भारत की तरफ से भी 40 सदस्यों का एक शिष्टमंडल पहुंचा। जीरो लाइन पर बैठक के लिए दो टेंट लगाए गए थे और आसपास लाल, केसरी, काली और सफेद रंग की झंडियां लगी थी।