चंडीगढ़। सेक्टर-40 लाइट पॉइंट पर बुधवार देर रात एक तेजरफ्तार फॉर्च्यूनर कार और वैगनआर के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में फॉर्च्यूनर चालक 23 साल के जसकरण की मौत हो गई। खरड़ निवासी जसकरण घर का इकलौता चिराग था। उसकी दो बहनें हैं। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फॉर्च्यूनर की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी। रात करीब सवा 11 बजे जैसे ही कार सेक्टर-40 लाइट पॉइंट पर पहुंची, सामने से वैगनआर आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार तीन-चार बार पलटी खाती हुई ऊपर लगे पिलर से जा टकराई और नीचे गिर गई। इसके बाद फॉर्च्यूनर डिवाइडर की ग्रिल तोड़ते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई और एक अन्य टैक्सी कार से टकरा गई। हादसे की चपेट में कुल चार वाहन आ गए जबकि एक कार फॉर्च्यूनर को छूते हुए निकल गई। वैगनआर चालक देव (25) निवासी सेक्टर-40 को हल्की चोटें आई हैं। वैगनआर कार आगे से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। गनीमत रही कि अन्य वाहन चालकों को चोटें नहीं आई। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने वैगनआर चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। हालांकि, अभी वैगनआर चालक की गिरफ्तारी नहीं हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही सेक्टर-39 थाने से जांच अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस लाइट पॉइंट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस के अनुसार बचाने के प्रयास में फॉर्च्यूनर अनियंत्रित होकर वैगनार से टकरा गई।
बिजली का खंबा उखड़कर गिरा
टक्कर के दौरान सड़क किनारे लगा बिजली का खंभा उखड़कर एक कार पर जा गिरा। जोरदार धमाका सुनकर मार्केट के दुकानदार तेज धमाके की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे। एक दुकानदार ने बताया कि फॉर्च्यूनर कई बार पलटी खाने के बाद पिलर से टकराई। सूचना मिलते ही पीसीआर मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल जसकरण को पीजीआई ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार सिर में गंभीर चोट और अधिक खून बहने से उसकी जान गई। फॉर्च्यूनर का नंबर पीबी-03 बताया जा रहा है।