भारत-पाक सीमा पर स्थित गांव खुदादपुर में पाकिस्तान से आए एक कबूतर को पकड़ा गया है। कबूतर के ऊपर उर्दू में नाम, एक मोहर तथा एक नंबर लिखा है। कबूतर को थाना बहरामपुर की पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
बहरामपुर थाने के गांव खुदादपुर के सरपंच संदीप सिंह गुरुवार देर शाम अपनी हवेली में काम कर रहे थे। वहां अचानक एक सफेद कबूतर दिखा। उन्होंने किसी तरह कबूतर को पकड़ लिया। कबूतर की जांच करने पर उसके पंखों पर लाल रंग की उर्दू और काले रंग की अंग्रेजी में मोहर लगी है। पंखों पर एक नंबर छपा है।
इसे भी पढ़ें- कनाडा से 200 और मलेशिया से 95 भारतीयों की वतन वापसी, हवाई अड्डे पर लगाए भारत माता के जयकारे
उर्दू विशेषज्ञों के अनुसार, जांच में पाया गया कि उर्दू में लगी मोहर में हरून ग्याशपुर और काले रंग की मोहर में यहूर एंड संस लिखा है। वहीं 923004476890 नंबर भी लिखा है।
कबूतर उड़ता-उड़ता कहीं से यहां आ गया। प्राथमिक जांच में कुछ खास सामने नहीं आया है। कबूतर को संभाल कर रखा गया है और जांच की जा रही है। गांव के लोग कबूतर पाकिस्तान से उड़कर आने का दावा कर रहे हैं। -थाना प्रभारी परमजीत कुमार