मोहाली। शादीशुदा की ससुराल में संदिग्ध हालात में मौत होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने ससुराल के आठ सदस्यों को नामजद किया है। इसमें रविंदर सिंह, अवतार सिंह, बलजीत कौर, परमजीत कौर, जगतार सिंह जग्गू निवासी गांव कंबाला, मनजोत कौर, मनप्रीत सिंह निवासी राजपुरा के अलावा अन्य शामिल हैं। शिकायतकर्ता अजीत सिंह निवासी गांव उगाणी (राजपुरा) ने बताया कि बेटी पवनप्रीत कौर की शादी नवंबर 2021 में रविंदर के साथ हुई थी।
करीब 4 साल बाद कोई बच्चा नहीं हुआ तो ससुराल वाले उसे तंग और परेशान करने लगे। उससे गाड़ी की मांग की गई। सास, ननद, मासी सास व बाकी सदस्य मिलकर उसको परेशान करने लगे। उसके साथ मारपीट भी करते थे। 9 अक्तूबर को पवनप्रीत कौर ने भाई को ईमेल भेजी और व्हाट्सएप मैसेज भेजा कि उसकी जान को खतरा है। इसके बाद पता चला कि उसके ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की थी, जिस कारण वह बेसुध हो गई। वह तुरंत पंचायत और अन्य रिश्तेदारों सहित पहुंचे और पवनप्रीत को जीएमसीएच सेक्टर-32 ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृतक घोषित कर दिया। थाना आईटी सिटी की पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।