अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर आलमगीर मोड़ के नजदीक मंगलवार को बस की चपेट में आए बाइक सवार एक महिला, एक बच्चे और युवक की मौत हो गई। बाइक पर आगे बैठे बच्चे और महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि घायल युवक को डेराबस्सी सिविल अस्पताल से जीएमसीएच-32 चंडीगढ़ रेफर किया गया तो बीच रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मिली जानकारी के मुताबिक हादसा करीब 5:15 बजे हुआ।
बाइक पर चंदन नाम का युवक अपनी मकान मालकिन और उसके रिश्तेदार बच्चे को बाइक पर बैठाकर हाईवे से दाईं तरफ होना चाह रहा था। इस दौरान उसकी बाइक बस की चपेट में आ गई। इस हादसे में महिला और बच्चे के सिर में चोट लगने से वहीं मौत हो गई। जबकि युवक को डेराबस्सी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसे चंडीगढ़ रेफर किया तो रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
जांच अधिकारी हवलदार सुखजिंदर सिंह ने बताया कि मृतक युवक 25 वर्षीय चंदन पुत्र रंगीला राम निवासी गांव फिरोजपुर जिला छपरा बिहार का रहने वाला है जो यहां लालड़ू में धर्मगढ़ रोड पर किरायेदार था। वह अपनी मकान मालकिन को दवा दिलाने और उसके रिश्तेदार बच्चे के साथ जा रहा था। इसी दौरान यह हादसा हो गया। मृतक के छोटे भाई रामायण ने बताया कि वह बीते 3 साल से इस मकान में किराए पर रह रहे हैं। चंदन ने नई बाइक खरीदी थी। पुलिस ने तीनों शव डेराबस्सी सिविल अस्पताल में रखवा दिए हैं।