चंडीगढ़। सोशल मीडिया पर तांत्रिक और मौलवी बनकर लोगों को ठगने वाले गिरोह का साइबर थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने राजस्थान के झुंझुनू से एक आरोपी रोहित भार्गव (25) को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्य बरामद किए गए हैं जबकि उसके साथी की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक चंडीगढ़ की एक महिला पारिवारिक समस्याओं के कारण मानसिक तनाव से गुजर रही थी। इसी दौरान वह फेसबुक और इंस्टाग्राम पर चल रहे विज्ञापनों के संपर्क में आई, जिनमें घरेलू और निजी परेशानियों का तांत्रिक उपाय से समाधान करने का दावा किया गया था।
आरोपी ने अपने साथी के साथ नकली पहचान बनाकर खुद को तांत्रिक बाबा और मौलाना बताकर महिला का भरोसा जीता। आरोपियों ने महिला को अलौकिक शक्तियों और बुरे परिणामों का डर दिखाकर फरवरी 2024 से मई 2025 के बीच अलग-अलग बैंक खातों में करीब 40 लाख रुपये और 150 ग्राम सोने की ज्वेलरी ठग ली।
साइबर थाना की टीम ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड, बैंक दस्तावेज और टेलीकॉम जानकारी जुटाकर आरोपी के नाम पर दो बैंक खाते और कई मोबाइल नंबर ट्रेस किए। झुंझुनू में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से एक वीवो मोबाइल और एक आईफोन 16 प्रो बरामद हुआ। आरोपी ‘मौलाना बरखत खान’ और ‘दिलबर शाह’ जैसे नामों से ठगी करता था।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि फेसबुक-इंस्टाग्राम पर नकली विज्ञापन डालकर खासतौर पर महिलाओं को टारगेट किया जाता था।