युवती से छेड़छाड़ का वीडियो वायरल, सेक्टर-15 मार्केट का बताया जा रहा वीडियो, युवती ने पूछा- आंख क्यों मारी, पुलिस को नहीं मिली शिकायत
महिला सुरक्षा पर उठे सवाल
चंडीगढ़। पंजाब नंबर की काले रंग की थार में सवार दो युवकों पर एक युवती से कथित छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है। घटना का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें थार में बैठे एक युवक के आंख मारकर इशारा करने पर युवती मोबाइल से दोनों की वीडियो बनाती नजर आ रही है। युवती युवक से पूछती है कि उसने उसे आंख क्यों मारी। इस पर युवक कथित तौर पर आरोप से इनकार करते हुए कहता है कि उसने कुछ नहीं किया। वीडियो पंजाब यूनिवर्सिटी के पास सेक्टर-15 की मार्केट का बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने अभी घटना की जगह और समय की पुष्टि नहीं की है।
वीडियो में युवती दोनों युवकों की हरकतों पर सवाल उठाती दिखाई देती है। इसके बावजूद युवक तत्काल वहां से नहीं जाते। इसी दौरान एक युवक कथित तौर पर युवती से कहता है कि फोटो खींच ले और थार से बाहर निकलने का प्रयास करता है। युवती उसे बाहर नहीं निकलने के लिए कहती है और वहां से चले जाने को कहती है। इसके बाद दोनों युवक मुस्कुराते हुए थार में बैठकर वहां से चले जाते हैं। फिलहाल आरोपित युवकों की पहचान नहीं हो सकी है। वीडियो सामने आने के बाद सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस को नहीं मिली शिकायत
सेक्टर-11 थाना प्रभारी जसपाल भुल्लर ने बताया कि मामले में अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। वीडियो मीडिया के माध्यम से पुलिस के संज्ञान में आया है। वीडियो में यह स्पष्ट नहीं हो रहा कि घटना किस स्थान पर और कब हुई। पुलिस वीडियो की पड़ताल कर रही है। घटना से जुड़े तथ्यों और आरोपित युवकों की पहचान की पुष्टि होना बाकी है।