मनीमाजरा में टूटी पड़ी एक्टिवा।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीगढ़ के मनीमाजरा में एक महिंद्रा पिकअप चालक ने उत्पात मचा दिया। आरोपी ने सड़क किनारे खड़े लगभग 15 वाहनों को टक्कर मार दी वहीं बिजली का एक खंभा भी तोड़ दिया। घटना शुक्रवार सुबह चार बजे की बताई जा रही है। वारदात कई सीसीटीवी कैमरों में कैद भी हो गई है।
शुक्रवार तड़के 4 बजे एक महिंद्रा पिकअप चालक मनीमाजरा में फौजी ढाबे की तरफ से एक कार को टक्कर मारता हुआ, शांति नगर की सड़क से होता हुआ, डेरा साहिब मोहल्ले में कार व अन्य वाहनों को टक्कर मारता हुआ मेन बाजार पहुंचा। मेन बाजार में उसने एक्टिवा, मोटरसाइकिल और सड़क किनारे खड़ी अन्य कई कारों को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया।
मेन बाजार से जब कार चालक खेड़ा बाबा मंदिर के पास से निकला तो मंदिर के सामने लगे एक बिजली के खंभे को भी टक्कर मारकर तोड़ दिया। आरोपी चालक ने छोटे-बड़े मिलाकर कुल 15 वाहनों को क्षतिग्रस्त किया है। जगह जगह लगे सीसीटीवी कैमरे में महिंद्रा पिकअप चालक की करतूत रिकॉर्ड हो गई है।
मनीमाजरा पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि चालक के पकड़े जाने के बाद ही पता चल पाएगा कि वह नशे में था या फिर गाड़ी चोरी करके भाग रहा था।