विदेश भेजने के नाम पर 21 लाख रुपये की ठगी करनेवाले जालसाज को साइबर सेल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया और दो दिन के पुलिस रिमांड पर ले लिया है।
जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान पटियाला निवासी अमृत सिंह के रूप में हुई है। साइबर सेल इंचार्ज हरिंद्र सिंह सेखों ने बताया कि आरोपी को शुक्रवार को सेक्टर 43 से पकड़ा गया है। आरोपी पर सेक्टर 48 के रहने वाले रमेश कुमार के साथ 21 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है। आरोपी ने पीड़ित के बेटे के विदेश भेजने के नाम पर 21 लाख रुपये लिए मगर उसके बेटे को न तो विदेश भेजा और न ही उनके पैसे वापस लौटाए।
पीड़ित ने अपनी शिकायत में कहा कि पिछले साल वह अमृत सिंह को मिले थे। अमृत सिंह ने कहा था कि उसका विदेश भेजने व ऑनलाइन इंवेस्टमेंट का बिजनेस है। जिसके बाद उन्होंने अपने बेटे को विदेश भेजने की बात अमृत सिंह से की । जिसके बाद अमृत सिंह ने उनसे पहले 7.50 लाख रुपये बैंक अकाउंट में ट्रांसफर करवाए और उसके बाद 12.50 लाख रुपये नगद लिए। लेकिन उनके बेटे को बाहर नहीं भेजा। कुछ दिनों के बाद तो अमृत सिंह ने उनका फोन तक उठाना बंद कर दिया।
जिसके बाद 18 जुलाई को पीड़ित ने सेक्टर 17 पुलिस स्टेशन में अमृत सिंह के खिलाफ केस दर्ज करवा दिया। मामला साइबर सेल को ट्रांसफर हो गया था। साइबर सेल ने कोर्ट से आरोपी से पैसे बरामद करने , मोबाइल फोन व सिम कार्ड बरामद करने के लिए तीन दिनों के पुलिस रिमांड की मांग की थी। लेकिन कोर्ट ने दो दिनों का रिमांड दिया।