चंडीगढ़। बुड़ैल स्थित सरकारी स्कूल के पास पांच महीने का कन्या भ्रूण साड़ी में लिपटा मिला। पुलिस ने भ्रूण को कब्जे में लेकर जीएमसीएच 32 के शवगृह में रखवा दिया है। सेक्टर-34 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
घटना शुक्रवार सुबह करीब सात बजे की है। पुलिस को राहगीर ने सूचना दी कि बुड़ैल स्थित सरकारी स्कूल मेन सड़क के पास भ्रूण फेंका गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस को घटनास्थल पर साड़ी में लिपटा करीब पांच महीने का कन्या भ्रूण मिला। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की, लेकिन पता नहीं चल सका कि आखिर इसे कौन फेंककर गया है। वहीं, पुलिस अब आसपास के लोगों समेत अस्पतालों में भी पूछताछ कर रही है। बता दें कि इससे पहले भी शहर के अलग-अलग जगहों पर भ्रूण मिलते रहे हैं, लेकिन पुलिस को ज्यादातर मामलों में आरोपी को पकड़ने में कामयाबी हासिल नहीं हुई है।