चंडीगढ़। सेक्टर-25 स्थित कॉलोनी में पुरानी रंजिश के चलते घर के बाहर खड़ी एक्टिवा में तोड़फोड़ कर उसे आग के हवाले करने का मामला सामने आया है। सेक्टर-11 थाना पुलिस ने इस मामले में स्थानीय निवासी शुभम उर्फ कोड़ा, अभिषेक, गौरव समेत अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर सभी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित महिला पुष्पा ने बताया कि वह सेक्टर-25 स्थित कॉलोनी में परिवार समेत रहती हैं। आरोप है कि उक्त सेक्टर के रहने वाले शुभम उर्फ कोड़ा, अभिषेक, गौरव समेत अन्य ने पुरानी रंजिश के चलते घर के बाहर खड़ी उनकी एक्टिवा में तोड़फोड़ कर उसे आग के हवाले कर दिया। शोरशराबे के बाद आसपास के लोग जमा हो गए। लोगों को देख आरोपी फरार हो गए। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर सेक्टर 24 चौकी इंचार्ज रवदीप सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर उक्त आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है।