पंजाब के राज्यपाल वीपी सिंह बदनौर
- फोटो : फाइल फोटो
पंजाब के गवर्नर एवं यूटी के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर के काफिले में रविवार की शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ऑटो चालक पुलिसकर्मियों को नजरअंदाज कर बीच सड़क पर आ पहुंचा। गवर्नर का काफिला गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (जीएमसीएच) सेक्टर-32 के 27वें स्थापना दिवस की वर्षगांठ पर आयोजित समारोह में हिस्सा लेने के लिए राजभवन से निकला था।
काफिले के गुजरने के दौरान यूटी पुलिस ने तीनों दिशाओं से आते ट्रैफिक को रोक रखा था, लेकिन काफिला जब सेक्टर-27, 28, 29, 30 के चौक के समीप पहुंचा, तो इसी बीच एक ऑटो चालक बीच सड़क आ खड़ा हुआ। इससे काफिले में गवर्नर को एस्कॉर्ट करते पुलिसकर्मियों में भगदड़ मच गई। गवर्नर की गाड़ी और उन्हें एस्कॉर्ट करते पुलिसकर्मी तो आगे निकल गए, लेकिन ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक कर्मियों ने ऑटो चालक को काबू कर लिया। उसके पकड़ में आने के बाद पता चला कि आरोपी शराब के नशे में ऑटो चला रहा था।
इसकी सूचना मिलते ही सेक्टर-26 थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ थाने ले गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी व मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान सेक्टर-16 में बतौर किराएदार रह रहे सुभाष राही (55) के रूप में हुई। थाना पुलिस ने ऑटो चालक सुभाष राही के खिलाफ कांस्टेबल सुखदेव के बयान पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शिकायत में बताया गया है कि गवर्नर के काफिले के गुजरने के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने अन्य तीनों दिशाओं से आते ट्रैफिक को रोक रखा था, लेकिन जैसे ही काफिले की गाड़ियां चौक से गुजरने लगीं अचानक एक ऑटो चालक बीच में सड़क पर आ गया। गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ। हालांकि, समय की पाबंदी के चलते गवर्नर का काफिला उक्त चौक से निकलता चला गया। बता दें कि यह पहला मौका नहीं है, जब किसी वीवीआईपी विजिट के दौरान ऐसा हुआ हो। इससे पहले भी वीवीआईपी काफिले के दौरान वाहन चालकों के बीच में आने की छिटपुट घटनाएं सामने आ चुकी हैं।