सीआईएसएफ के एक हवलदार ने सेक्टर-1 स्थित अपने बैरक में फंदा लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान खेमराज (41) के रूप में हुई है। पुलिस की शुरुआती जांच में अभी तक आत्महत्या के कारणों का पता नहीं लग सका है। सेक्टर-3 थाना पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि वह सेक्टर- 9 स्थित एक सचिवालय में तैनात था।
जानकारी के अनुसार, सीआईएसफ का हवालदार खेमराज सेक्टर-1 स्थित बैरक में रहता था। खेमराज की करीब 20 दिन पहले जम्मू-कश्मीर से चंडीगढ़ में तैनाती हुई थी। सोमवार देर शाम बैरक में रस्सी के साथ फंदा लगा लिया।
साथी ने खेमराज को फंदे से लटकता देखा तो मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जीएमएसएच-16 के शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता लग पाएगा। मामले की छानबीन की जा रही है।