मोहाली में रविवार को जिस जगह पर दो गुटों में फायरिंग हुई, वहां पुलिस जांच के दौरान मौके पर ही छोड़े गोलियों के खाली खोल अभी भी पड़े हैं। वहीं बुधवार को मोहाली में डीएसपी गगनदीप सिंह भुल्लर ने कार्यभार संभालने के बाद आश्वासन दिया है कि वे घटनास्थल पर दुबारा जांच टीम भेजेंगे। इस मौके पर अमर उजाला की टीम ने गोलियों के खोल भी डीएसपी को सौंपे।
डीएसपी भुल्लर ने यह गोलियों के खोल लाइसेंसी 12 बोर की बंदूक के बताए हैं। उन्होंने बताया कि जिन गिरफ्तार आरोपियों और अन्य फरार आरोपियों के लाइसेंस की जांच की जाएगी। डीएसपी के मुताबिक आरमरी शाप में हथियार के लाइसेंस पर गोलियों की एंट्री की जाती है।
बता दें कि रविवार को मोहाली बस अड्डे के सामने दो गुटों में ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद तत्कालीन डीएसपी गौसल ने जांच के दौरान 20 गोलियों के खाली खोल बरामद करने की पुष्टि की थी। गौसल ने यह भी दावा किया था कि वारदात के दौरान हुई फायरिंग में चली गोलियों के सभी खोल पुलिस ने बरामद कर लिए हैं, जबकि इसके अगले दिन मंगलवार को अमर उजाला ने खुलासा किया था कि मौके पर अभी भी गोलियों के खोल बिखरे पड़े हैं।